राजस्थान

Jaipur: जयपुर में भूमि पूलिंग से शहरी विकास का प्रस्ताव

Admindelhi1
17 March 2026 2:50 AM IST
Jaipur: जयपुर में भूमि पूलिंग से शहरी विकास का प्रस्ताव
x

जयपुर: जयपुर में सुनियोजित और संतुलित नगरीय विकास को गति देने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने पांच नई लैंड पूलिंग योजनाओं का प्रस्ताव तैयार किया है। इन योजनाओं को लेकर सोमवार को जेडीए के चिंतन सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने की।

बैठक में जोन-14 के महल रोड क्षेत्र में ग्राम रामचन्द्रपुरा, विधाणी, रामपुरा उर्फ कंवरपुरा, जयचंदपुरा तथा विमलपुरा (तहसील सांगानेर) में लगभग 350 हेक्टेयर क्षेत्र में दो लैंड पूलिंग योजनाओं का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा जोन-8 के सांगानेर, जोन-10 के बस्सी तथा जोन-12 के कालवाड़ क्षेत्र में एक-एक लैंड पूलिंग योजना प्रस्तावित की गई है।

उल्लेखनीय है कि भजन लाल शर्मा ने राज्य बजट में प्रदेशभर में 20 नई लैंड पूलिंग योजनाएं शुरू करने की घोषणा की है। इन योजनाओं के माध्यम से भविष्य में पार्क, सीवरेज लाइन, ड्रेनेज, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, स्कूल एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए भूमि, कम्युनिटी सेंटर, हेल्थ सेंटर/डिस्पेंसरी तथा धार्मिक स्थलों सहित विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार लैंड पूलिंग योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जयपुर में सुनियोजित शहरी विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Next Story