राजस्थान

Jaipur: नीट पीजी परीक्षा में बिजली संकट, सीतापुरा के दो केंद्रों पर परीक्षार्थियों का पेपर अधूरा

Admindelhi1
31 Aug 2026 10:12 AM IST
Jaipur: नीट पीजी परीक्षा में बिजली संकट, सीतापुरा के दो केंद्रों पर परीक्षार्थियों का पेपर अधूरा
x
नीट पीजी परीक्षार्थियों की बढ़ी परेशानी, सीतापुरा में बिजली कटौती से पेपर अधूरा

जयपुर: सीतापुरा स्थित आईऑन डिजिटल जोन के दो परीक्षा केंद्रों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से रविवार को नीट पीजी-2026 की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस) ने 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे जयपुर में री-एग्जाम कराने का निर्णय लिया है। परीक्षा केंद्र की जानकारी अलग से जारी की जाएगी और अभ्यर्थियों को नए रिवाइज्ड एडमिट कार्ड दिए जाएंगे।

आईऑन डिजिटल जोन के परीक्षा केंद्र संख्या 41682 और 41683 पर आंतरिक बिजली आपूर्ति में खराबी के कारण परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हुई। कुछ अभ्यर्थियों के कंप्यूटर शुरू हो गए, जबकि कई की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी। इससे नाराज अभ्यर्थियों और अभिभावकों ने केंद्र पर हंगामा कर व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।

मौके पर पहुंचे परीक्षा समन्वयक नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि एनबीईएमएस के नोटिस में बिजली आपूर्ति की समस्या को परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी एम/एस टीसीएस लिमिटेड से संबंधित बताया गया है।

15 केंद्रों पर थी परीक्षा व्यवस्था

जयपुर जिले में नीट पीजी के लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिला प्रशासन ने केंद्रों पर कंप्यूटर, सर्वर, नेटवर्क और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद सीतापुरा के दोनों केंद्रों पर बिजली बाधित होने से परीक्षा प्रभावित हुई।

2.65 लाख अभ्यर्थी हुए शामिल

देशभर में नीट पीजी-2026 के लिए 2 लाख 73 हजार 96 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2 लाख 65 हजार 980 अभ्यर्थी 1,111 केंद्रों पर परीक्षा में शामिल हुए। करीब 2 लाख 63 हजार 535 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी हो सकी। जयपुर के दोनों केंद्रों पर बिजली की समस्या के चलते कई अभ्यर्थियों की परीक्षा अधूरी रह गई।

एडिशनल डीसीपी (साउथ) ललित किशोर शर्मा ने कहा कि कई अभ्यर्थियों के कंप्यूटर चालू हुए, जबकि कई की परीक्षा नहीं हो पाई। अभ्यर्थियों की परेशानी से परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी को अवगत कराया गया है।

एनबीईएमएस ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए 5 सितंबर को री-एग्जाम की घोषणा की है। नए एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र की जानकारी जल्द जारी की जाएगी।

Next Story