राजस्थान

Jaipur: योजना भवन विवाद पर गरमाई सियासत, बेनीवाल ने उठाए गंभीर सवाल

Admindelhi1
27 Jun 2026 1:10 PM IST
Jaipur: योजना भवन विवाद पर गरमाई सियासत, बेनीवाल ने उठाए गंभीर सवाल
x
Yojana Bhavan में मिले कैश-सोना मामले पर विपक्ष का हमला तेज

जयपुर: पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल में जयपुर स्थित शासन सचिवालय के निकट योजना भवन के बेसमेंट से 2.31 करोड़ रुपये नकद और करीब एक किलो सोना बरामद होने के मामले को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मामले की जांच और उसके निष्कर्षों को सार्वजनिक करने की मांग की।

बेनीवाल ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भाजपा ने इस मामले को भ्रष्टाचार का बड़ा मुद्दा बनाया था और कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार इस मामले पर पूरी तरह मौन हो गई। उन्होंने सवाल किया कि आखिर भाजपा सरकार बनने के बाद इस मामले पर सन्नाटा क्यों छा गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि योजना भवन से बरामद नकदी और सोने का वास्तविक मालिक कौन था, इसके पीछे किन-किन लोगों की भूमिका थी और जांच किस निष्कर्ष तक पहुंची। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि जांच पूरी हो चुकी है तो सरकार को उसकी स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।

आरएलपी प्रमुख ने मुख्यमंत्री से यह भी पूछा कि क्या किसी को बचाने के लिए इस मामले में चुप्पी साधी गई है। उन्होंने कहा कि जनता को पूरे मामले का सच जानने का अधिकार है और सरकार को इस संबंध में स्पष्ट स्थिति सामने रखनी चाहिए। बेनीवाल ने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही लोकतंत्र की मूल भावना है। ऐसे में सरकार को इस बहुचर्चित मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए जांच की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।

Next Story