राजस्थान

Jaipur: पर्ची सरकार को लेकर सियासी बयानबाजी तेज

Admindelhi1
27 April 2026 11:03 AM IST
Jaipur: पर्ची सरकार को लेकर सियासी बयानबाजी तेज
x

जयपुर: निकाय और पंचायत चुनाव में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस विधायक एवं जयपुर शहर कांग्रेस प्रभारी रोहित बोहरा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बढ़ती एंटी इनकंबेंसी के चलते सरकार हार के डर से चुनाव नहीं करा रही है। बोहरा ने कहा कि “पर्ची सरकार” में जब तक दिल्ली से निर्देश नहीं मिलेंगे, तब तक चुनाव नहीं होंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेतृत्व को भी प्रदेश में एकतरफा माहौल का आभास हो चुका है।

उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन नहीं है, केवल घोषणाएं की जा रही हैं। तीन एक्सप्रेसवे और कई शहरों के बाईपास कार्य भूमि अधिग्रहण के अभाव में रुके पड़े हैं। जल जीवन मिशन के तहत भी करीब 3500 करोड़ रुपए का भुगतान लंबित होने से ठेकेदार हड़ताल पर हैं, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। परिसीमन को लेकर भी बोहरा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2011 की जनगणना के आधार पर 133 नगर पालिकाओं में मनमर्जी से परिसीमन किया गया है, जिससे जनता में नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार नहीं, बल्कि नौकरशाह काम कर रहे हैं।

इससे पहले ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित बैठक में बोहरा ने कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़ने वाले नेताओं के साथ कार्यकर्ता भी चले जाते हैं, इसलिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना जरूरी है।उन्होंने निकाय–पंचायत चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि अनुशासनहीनता करने वालों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं होगा।

Next Story