राजस्थान

Jaipur: साइबर अपराध रोकने के लिए पुलिस का जागरूकता अभियान

Admindelhi1
4 Aug 2026 9:44 AM IST
Jaipur: साइबर अपराध रोकने के लिए पुलिस का जागरूकता अभियान
x
साइबर अपराधों पर लगाम के लिए पुलिस ने बढ़ाई जागरूकता

जयपुर: पुलिस मुख्यालय से प्राप्त 59वें महानिदेशक—महानिरीक्षक पुलिस सम्मेलन-2024 की सिफारिशों के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन्हीं निर्देशों की अनुपालना में विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन में सोमवार को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, पुलिस कमिश्नरेट जयपुर द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम तथा आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर आधारित जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।

विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि इस अभियान के दौरान साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता पोस्टरों के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, निवेश एवं ट्रेडिंग फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी केवाईसी, सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप हैकिंग, ओटीपी और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही, साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल तथा साइबर पुलिस स्टेशन, जयपुर (0141-2360094) पर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस कार्यक्रम के दौरान पुलिस निरीक्षक श्रवण, मानसिंह, प्रेम कुमार सहित साइबर पुलिस थाना कमिश्नरेट जयपुर के कार्मिकों ने आमजन से सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर विश्वास नहीं करने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। अभियान के माध्यम से नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

Next Story