राजस्थान

Jaipur: हुड़दंगियों पर पुलिस की कार्रवाई, स्थिति सामान्य

Admindelhi1
5 March 2026 1:10 AM IST
Jaipur: हुड़दंगियों पर पुलिस की कार्रवाई, स्थिति सामान्य
x

जयपुर: धुलंडी के मौके पर बुधवार को शहर के कई इलाकों में युवाओं ने सड़कों पर जमकर हुड़दंग किया। जवाहर सर्किल, जेएलएन मार्ग सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में युवकों ने बीच सड़क डांस कर ट्रैफिक जाम की स्थिति बना दी।

वर्ल्ड ट्रेड पार्क जयपुर, गौरव टावर और जवाहर सर्किल क्षेत्र में कई युवा समूह बनाकर सड़क पर मोबाइल से रील बनाते नजर आए। कुछ युवक चलती गाड़ियों की खिड़की से बाहर निकलकर तथा छत पर बैठकर स्टंट करते दिखे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। कई स्थानों पर युवकों द्वारा अर्धनग्न होकर राह चलती युवतियों पर गुलाल और पानी फेंकने की शिकायतें भी सामने आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हुड़दंग कर रहे युवकों को खदेड़ते हुए सख्त कार्रवाई की। होली और धुलंडी पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहरभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। अभय कमांड सेंटर से सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन से सर्विलांस और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की गई। अफवाह और भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रही।

एडिशनल कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार ने बताया कि शराब पीकर उत्पात मचाने, छेड़छाड़ करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। इसके लिए 11 एएसपी, 45 एसीपी, 80 थानाधिकारी, 1500 पुलिसकर्मी और आरएसी की पांच कंपनियां तैनात की गई थीं।

पुलिस की सख्ती के चलते संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर शीघ्र काबू पा लिया गया और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई।

Next Story