राजस्थान

Jaipur: राजस्थान रिफाइनरी में जल्द शुरू होगा पेट्रोल और डीजल का उत्पादन

Admindelhi1
17 Jun 2026 8:52 AM IST
Jaipur: राजस्थान रिफाइनरी में जल्द शुरू होगा पेट्रोल और डीजल का उत्पादन
x
राजस्थान रिफाइनरी में पेट्रोल-डीजल उत्पादन की तैयारी पूरी

जयपुर: राजस्थान के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी, पचपदरा (बालोतरा) में पेट्रोल और डीजल उत्पादन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को शासन सचिवालय में परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पेट्रो उत्पादों का उत्पादन शीघ्र शुरू करने और सभी शेष कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने बताया कि रिफाइनरी में पेट्रोल और डीजल उत्पादन इसी माह शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति, आधारभूत सुविधाओं के विकास और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

वी. श्रीनिवास ने कहा कि एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इसके संचालन से न केवल राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि पेट्रोकेमिकल क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में परियोजना से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से शेष कार्यों में तेजी लाने तथा उत्पादन शुरू करने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा।

समीक्षा बैठक में जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार, खान एवं पेट्रोलियम विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोड़ा, विशिष्ट शासन सचिव नम्रता वृष्णि सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story