राजस्थान

Jaipur: जयपुर में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा

Admindelhi1
19 March 2026 11:04 AM IST
Jaipur: जयपुर में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा
x
"पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के लिए उत्साह"

जयपुर: मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में 20 से 26 मार्च तक आयोजित होने जा रही श्री शिव महापुराण कथा एवं श्री महामृत्युंजय महायज्ञ को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह चरम पर है। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा सात दिवसीय कथा का वाचन करेंगे, जिसे सुनने के लिए प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जयपुर पहुंचने की संभावना है।

आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक अखिलेश अत्री और सदस्य मनोज पांडे ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कथा स्थल पर करीब 3.6 लाख वर्गफीट क्षेत्र में विशाल वाटरप्रूफ स्प्रिंकलर डोम पांडाल तैयार किया जा रहा है, जिसमें एक साथ लगभग एक लाख श्रद्धालु बैठकर कथा श्रवण कर सकेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांडाल में जगह-जगह बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं, ताकि दूर बैठे लोग भी सहजता से कथा का लाभ ले सकें। गर्मी को ध्यान में रखते हुए पांडाल में स्प्रिंकलर सिस्टम, पर्याप्त पंखे और ठंडे पानी की विशेष व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आयोजन स्थल पर चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए स्वयंसेवकों की टीम तैनात की जाएगी और पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी की जा रही है।

महिलाओं की बड़ी भागीदारी को देखते हुए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके तहत लगभग 300 पक्के बाथरूम और 25 अस्थायी शौचालय अलग-अलग स्थानों पर बनाए जा रहे हैं। स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई कर्मियों की टीम भी लगातार तैनात रहेगी।

आयोजन समिति के अनुसार कथा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, जिसके लिए प्रवेश एवं निकास मार्गों का विशेष प्रबंधन किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन से भी समन्वय स्थापित किया गया है।

धार्मिक वातावरण के बीच यह आयोजन न केवल आध्यात्मिक चेतना का संचार करेगा, बल्कि जयपुर में एक बड़े सांस्कृतिक और सामाजिक समागम का रूप भी लेगा। श्रद्धालुओं में कथा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Next Story