राजस्थान

Jaipur: नए आदेश तक टली पंचायत चुनाव आरक्षण की लॉटरी

Admindelhi1
16 Sept 2026 11:20 AM IST
Jaipur: नए आदेश तक टली पंचायत चुनाव आरक्षण की लॉटरी
x
पंचायत चुनाव में आरक्षण लॉटरी को लेकर असमंजस

जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर होने वाली श्रेणीवार आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन की प्रक्रिया फिलहाल टल गई है। 17 और 18 सितंबर को प्रस्तावित आरक्षण बैठक को नगरीय निकाय आम चुनाव का कार्यक्रम जारी रहने के कारण आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। इस निर्णय के बाद जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, सरपंच और पंच पदों के आरक्षण को लेकर चल रही तैयारियों पर फिलहाल विराम लग गया है।

जिला कलक्टर (पंचायत) जयपुर संदेश नायक ने बताया कि पंचायतीराज संस्थाओं के श्रेणीवार आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन के लिए 17 सितंबर को दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की जानी थी। इसमें जिला परिषद सदस्य, प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए आरक्षण निर्धारण और आवंटन की प्रक्रिया प्रस्तावित थी।

इसी प्रकार 18 सितंबर को संबंधित उपखण्ड मुख्यालयों पर सरपंच एवं पंच पदों के लिए श्रेणीवार आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन की बैठक निर्धारित की गई थी। अब दोनों बैठकों को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।

जिला कलक्टर ने बताया कि नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी रहने के कारण जिला मुख्यालय एवं उपखण्ड कार्यालय स्तर पर होने वाला लॉटरी और आरक्षण कार्यक्रम स्थगित किया गया है। अब पंचायतीराज संस्थाओं के आरक्षण निर्धारण एवं आवंटन की नई तारीख की घोषणा आगामी आदेश के बाद की जाएगी।

आरक्षण प्रक्रिया टलने से पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटे संभावित दावेदारों को भी अब नए कार्यक्रम का इंतजार करना होगा। जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, प्रधान, सरपंच और पंच पदों के लिए आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही चुनावी समीकरणों को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।

Next Story