राजस्थान

Jaipur: एसीबी में प्रतिनियुक्ति का मौका, एएसपी पदों के लिए आवेदन मांगे

Admindelhi1
6 Aug 2026 5:24 PM IST
Jaipur: एसीबी में प्रतिनियुक्ति का मौका, एएसपी पदों के लिए आवेदन मांगे
x

जयपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राजस्थान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रिक्त पदों को प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) ने इस संबंध में परिपत्र जारी कर राज्य के पात्र एवं इच्छुक पुलिस अधिकारियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अधिकारी 17 अगस्त 2026 तक अपने नियंत्रक अधिकारी की अभिशंसा सहित आवेदन पुलिस मुख्यालय भेज सकेंगे।

पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) राहुल कोटोकी द्वारा जारी परिपत्र (क्रमांक न-5 (2) पुलिस-ए/ग्रुप-1/गजे/2026/1999) के अनुसार यह चयन भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान विशेष चयन एवं सेवा की विशेष शर्तें नियम 2011 के तहत किया जाएगा। परिपत्र में स्पष्ट किया गया है कि केवल नियंत्रक अधिकारी की अनुशंसा के साथ निर्धारित समयावधि में प्राप्त आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। बिना अनुशंसा अथवा अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

प्रतिनियुक्ति के लिए वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद पर कार्यरत अधिकारी तथा उप अधीक्षक पुलिस (डीएसपी) पद पर न्यूनतम पांच वर्ष का अनुभव रखने वाले अधिकारी आवेदन के पात्र होंगे।

परिपत्र के अनुसार चयनित अधिकारियों का वेतन, वेतन बैंड एवं ग्रेड वेतन पूर्ववत रहेगा तथा उनकी वार्षिक वेतन वृद्धि (इन्क्रीमेंट) की नियत तिथि में कोई परिवर्तन नहीं होगा। इसके अलावा ब्यूरो में प्रतिनियुक्ति के दौरान अधिकारियों को उनके मूल वेतन पर नियमानुसार विशेष भत्ता भी देय होगा।

पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिए हैं कि आवेदन स्थायी आदेश संख्या 12/2014 (पत्रांक 2918, 17 जून 2014) में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही नियंत्रक अधिकारी की अनुशंसा के साथ अग्रेषित किए जाएं। अपूर्ण अथवा बिना अनुशंसा के प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इस आदेश की प्रति महानिदेशक पुलिस, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान तथा संयुक्त शासन सचिव, गृह (ग्रुप-1) विभाग को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

Next Story