राजस्थान

Jaipur: एनएसयूआई ने नीट लीक मामले पर जताया विरोध

Admindelhi1
13 May 2026 8:43 AM IST
Jaipur: एनएसयूआई ने नीट लीक मामले पर जताया विरोध
x
"छात्रों ने उठाई जांच की मांग"

जयपुर: नीट पेपर लीक मामले,शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में मंगलवार को एनएसयूआई ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन द्वारा लगाए गए बेरिकेट्स पार करने का प्रयास किया। कई कार्यकर्ता बेरिकेटिंग पर चढ़ गए, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए कई छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं को डिटेन भी किया।

इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन पुलिस की बैरिकेडिंग और दमनात्मक कार्रवाई से डरने वाला नहीं है तथा छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रखेगा।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखने में विफल साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना लाखों विद्यार्थियों के सपनों पर सीधा आघात है। एनएसयूआई ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू की जाए। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि छात्रों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Next Story