Jaipur: नव नियुक्त पदाधिकारियों ने सीएम शर्मा से की चर्चा

जयपुर: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सीएमओ में शिष्टाचार भेंट की और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, मिथलेश गौतम, प्रदेश मंत्री अजीत मांडण, अपूर्वा सिंह, एकता अग्रवाल, नारायण मीणा, प्रवक्ता स्टेफ़ी चौहान तथा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक उपस्थित रहे। करीब 45 मिनट तक चली इस मुलाक़ात के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी पदाधिकारियों को उनके नए दायित्व के लिए बधाई दी और मिठाई खिलाई। मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों और आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाएं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से नियुक्त हुए पदाधिकारियों को आम कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सक्रिय रूप से जुड़े रहने की भी सलाह दी।





