राजस्थान
Jaipur: नई शिक्षा नीति श्रेष्ठ राष्ट्र व सुयोग्य नागरिक बनाने की मजबूत कड़ी- देवनानी
Tara Tandi
2 Aug 2025 1:22 PM IST

x
Jaipur जयपुर । विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां तय कर रहा है। नई शिक्षा नीति भारतीयता, सनातन संस्कृति और राष्ट्र गौरव की अनुभूति के साथ विद्यार्थी को आगे बढ़ा रही है। यह श्रेष्ठ राष्ट्र व सुयोग्य नागरिक बनाने की मजबूत कड़ी है।
श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय के 37 वें स्थापना दिवस समारोह में कहा कि नई शिक्षा नीति देश की दशा व दिशा को बदलने वाली है। यह श्रेष्ठ राष्ट्र व सुयोग्य नागरिक बनाने की अहम कड़ी है। अब विश्वविद्यालयों को भी बदलना होगा। उन्हें प्रचलित अवधारणाओं के साथ ही कुछ नए उपाय भी करने होंगे ताकि विद्यार्थी कक्षा में आए। उसे शैक्षिक के साथ ही सह शैक्षिक गतिविधियां भी मिलें। शिक्षक विद्यार्थियों को गढ़ें, उनके घर जाएं, उन्हें बेहतर बनाने के लिए सर्वस्व लगा दें और देखे कि कैसे सारा माहौल बदल गया। शिक्षक विद्यार्थियों से निरंतर संवाद करें और उनकी समस्याओं के समाधान में भागीदार बनें। हम राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें।
श्री देवनानी ने कहा कि विश्वविद्यालय में केवल पुस्तक वाचन ना हो बल्कि शोध व तार्किक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिले। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय भी तक्षशिला व नालंदा की तरह विश्व में अपनी पहचान बना सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरू का विशेष महत्व है। गुरूकुल और भारतीय ज्ञान संस्कृति विपुल एवं विशुद्ध है। सबसे बड़ी आवश्यकता सनातन संस्कृति को मजबूत करने की है। सनातन संस्कृति रहेगी तो ही हम रहेंगे। संस्कृति से ही जीवन जीने की शैली, हमारा विचार, हमारा सोच, हमारा लक्ष्य, हमारा उद्देश्य परिभाषित होता है। उन्होंने विश्वविद्यालय स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कुलगुरू को शिक्षकों एवं स्टाफ की कमी को लेकर सकारात्मक कार्यवाही करने के लिए विश्वास दिलाया।
जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि वह विश्वविद्यालय के विकास के लिए योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। आज विश्वविद्यालय के समक्ष अतिक्रमण, स्टाफ व शिक्षकों की कमी सहित कई चुनौतियाँ है, इनका समाधान करने के लिए सरकार के स्तर पर पूर्ण प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वे इसी विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र हैं और इसे श्रेष्ठता के स्तर पर आगे बढ़ाने में योगदान देना उनका सौभाग्य होगा।
शिक्षाविद् श्री हनुमान सिंह राठौड़ ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि विश्वविद्यालय का नामकरण जिन महापुरूष के नाम पर किया गया है, वे महान पुरुष, शिक्षाविद, समाज सुधारक थे। उनके दर्शन का सम्मान न केवल भारत में बल्कि विश्व में भी किया जाता है। उन्होंने कुरीतियों, जातिवाद, अंधविश्वास, ऊंच-नीच, छुआछूत जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए। स्वामी दयानन्द सरस्वती भारतीय ज्ञान परम्परा के प्रणेता रहे। स्वामी दयानंद सरस्वती ने अंग्रेजी औपनिवेशिक शिक्षा के विकल्प के रूप में भारतीय ज्ञान प्रणाली को स्थापित करने का बीज बोया। डीएवी आंदोलन (दयानंद एंग्लो-वैदिक) एक मध्यम मार्ग था, जहाँ अंग्रेजी माध्यम के बावजूद भारतीय संस्कृति की शिक्षा प्रदान की जा सकती थी। अंग्रेजी माध्यम में भी हम अपनी भारतीय संस्कृति को पढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में वर्णित भारतीय ज्ञान परम्परा को पुनः स्थापित करने के बीज सर्वप्रथम स्वामी दयानंद सरस्वती ने ही बोए थे। विद्या प्राप्त करना तप है। भारतीय परंपरा में मेधा बुद्धि केवल बुद्धिमान होने तक सीमित नहीं है, बल्कि समस्त संसार के हित की कामना करने के लिए तप करना सनातन संस्कृति है। मनोचिकित्सकों ने आज सिद्ध किया है कि बच्चे को शिक्षा उसी भाषा में मिलनी चाहिए जिसमें वह स्वप्न देखता है उन्होंने वर्तमान में अंग्रेजी को कैरियर और बड़े पैकेज से जोड़ने की मानसिकता पर चिंता व्यक्त की, जिससे मातृभाषा का महत्व कम होता जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि स्थापना दिवस आत्मवलोकन का दिवस होता है। हमने 38 वर्षों में क्या किया, क्या शेष रह गया और क्या करना बाकी है और उसका लेखा-जोखा तैयार करके आगे की यात्रा का निरूपण करना होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज हमें यह तय करना है कि हमारा विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्तर का नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर का शिक्षण संस्थान किस तरह से बने।
इस अवसर पर राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर के पूर्व कुलपति प्रो. बी.आर. छीपा ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती को मनीषी तथा भारतीय संस्कृति के पुरोधा के रूप में जाना जाता हैं। अतः स्वाभाविक है कि उनका साहित्य, संस्कार और शिक्षा हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।
कार्यक्रम में कुलसचिव प्रिया भार्गव, प्रो. अरविंद पारीक, पूर्व कुलपति प्रो. लोकेश शेखावत एवं प्रो. के सी शर्मा, प्रबंध बोर्ड सदस्यगण प्रो. अनिल दाधीच एवं प्रो. ऋतु माथुर, अधिष्ठाता शिक्षा संकाय प्रो. सुचेता प्रकाश तथा विश्वविद्यालय के शिक्षक प्रो. सुभाष चन्द्र, प्रो. सुब्रतो दत्ता, प्रो. रीटा मेहरा, प्रो. शिव प्रसाद, यूजीसी दयानन्द चेयर प्रो. नरेश कुमार धीमान, दयानन्द महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. लक्ष्मीकांत शर्मा, डॉ. आशीष पारीक, प्रो. शिवदयाल सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुनील कुमार टेलर, वित्त नियंत्रक नेहा शर्मा, डॉ. सूरजमल राव, डॉ. तपेश्वर, प्रो. आशीष भटनागर, प्रो. प्रवीण माथुर, डॉ. राजूलाल शर्मा, डॉ. लारा शर्मा, डॉ. ए. जयन्ती देवी सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के कार्मिक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
TagsJaipur नई शिक्षा नीति श्रेष्ठ राष्ट्रसुयोग्य नागरिक बनानेमजबूत कड़ीदेवनानीJaipur New education policy for best nationto make capable citizensstrong linkDevnaniजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





