राजस्थान

Jaipur: एनसीसी कैडेट्स ने सीखे आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके

Admindelhi1
17 Jun 2026 8:51 AM IST
Jaipur: एनसीसी कैडेट्स ने सीखे आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके
x
कैडेट्स को आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया के लिए किया गया तैयार

जयपुर: राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ) राजस्थान द्वारा संचालित सात दिवसीय युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार को एनसीसी कॉम्पलेक्स, जेएलएन मार्ग स्थित गांधी नगर में जनजागरूकता कार्यक्रम, लाइव रेस्क्यू डेमो और आधुनिक राहत-बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम में 1 राजस्थान आर्म्ड स्क्वाड्रन एनसीसी के 57 कैडेट्स (6 महिला एवं 51 पुरुष) ने भाग लिया।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आरएसी एवं एसडीआरएफ रूपिंदर सिंह ने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित युवा प्रथम प्रतिक्रिया दल की महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वहीं डिप्टी डायरेक्टर जनरल एनसीसी एयर कॉमोडोर सम्पत कुमार आनंद ने आपदा प्रबंधन में एनसीसी कैडेट्स की भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस कार्यक्रम में एसडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम ने रोप रेस्क्यू डेमो के माध्यम से ऊंचाई पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और विभिन्न आपदाओं में बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। साथ ही हार्ट अटैक, सड़क दुर्घटना, बाढ़ और गैस सिलेंडर में आग लगने जैसी आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार एवं बचाव के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए।

एसडीआरएफ द्वारा उपयोग किए जाने वाले आधुनिक राहत एवं बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। कमांडेंट एसडीआरएफ राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बल की कार्यप्रणाली एवं राज्य में उसकी भूमिका की जानकारी दी। कार्यक्रम में ग्रुप कमांडर कर्नल सुरेश सिंधु, लेफ्टिनेंट कर्नल परमिंदर कौर सहित एनसीसी एवं एसडीआरएफ के अधिकारी, जवान और 326 कैडेट्स उपस्थित रहे।

Next Story