राजस्थान

Jaipur: राष्ट्रीय महिला आयोग ने पुलिस अधिकारियों के साथ की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा

Admindelhi1
10 March 2026 3:12 AM IST
Jaipur: राष्ट्रीय महिला आयोग ने पुलिस अधिकारियों के साथ की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
x

जयपुर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस मुख्यालय में महिला सुरक्षा और महिला संबंधित अपराधों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने महिला अपराध नियंत्रण के प्रयासों और नवाचारों पर चर्चा की।

रहाटकर ने कहा कि हालिया आंकड़ों में महिलाओं से जुड़े अपराधों में गिरावट देखने को मिली है, जो सकारात्मक संकेत है। साथ ही कुछ मामलों में शिकायत दर्ज कराने की प्रवृत्ति बढ़ना महिलाओं में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ने का संकेत है। उन्होंने साइबर अपराधों में वित्तीय धोखाधड़ी पर भी सतर्क निगरानी की जरूरत बताई।

बैठक में राज्य व जिला स्तर पर राष्ट्रीय महिला आयोग के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने की पहल की सराहना की गई। रहाटकर ने आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को कानूनी प्रशिक्षण देने तथा थानों में एनजीओ काउंसलर्स की भूमिका मजबूत करने का सुझाव दिया।

इस अवसर पर डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील मामलों को ‘केस ऑफिसर स्कीम’ के तहत लेकर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जयपुर पुलिस का ‘सशक्त नारी, जिम्मेदारी हमारी’ अभियान भी महिलाओं में जागरूकता बढ़ा रहा है।

बैठक में राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य सचिव सुदीप जैन, एडीजी सिविल राइट्स लता मनोज कुमार, एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला और डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में महिला अपराधों की स्थिति और लंबित प्रकरणों पर पावर प्वाइंट प्रस्तुति भी दी गई।

Next Story