जयपुर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 575 कचरा डिपो साफ

जयपुर: शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम जयपुर ने शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान चलाया। आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर सभी जोन उपायुक्त सुबह 7 बजे से ही फील्ड में उतरकर सफाई कार्यों की निगरानी करते नजर आए।
नगर निगम की टीमों ने एक ही दिन में 575 ओपन कचरा डिपो की सफाई कर लगभग 400 टन कचरे का निस्तारण किया। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई संसाधन और कर्मचारियों को लगाया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर कचरे के ढेर हटवाए और सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग की।
आयुक्त ओम कसेरा ने सभी जोन उपायुक्तों को नियमित रूप से फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खुले कचरा डिपो की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
नगर निगम ने शहरवासियों से सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की है। निगम के अनुसार, घरों और प्रतिष्ठानों का कचरा घर-घर संग्रहण करने वाले हूपर में ही डालें। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है।





