राजस्थान

Jaipur: मानसून की रफ्तार बढ़ी, राजस्थान के 18 जिलों में बारिश की चेतावनी

Admindelhi1
15 July 2026 1:14 PM IST
Jaipur: मानसून की रफ्तार बढ़ी, राजस्थान के 18 जिलों में बारिश की चेतावनी
x
बारिश को लेकर राजस्थान में येलो अलर्ट, प्रशासन अलर्ट मोड पर

जयपुर: राजस्थान में मंगलवार को मानसून की रफ्तार धीमी रही और अधिकांश जिलों में लोगों को बारिश का इंतजार करना पड़ा। हालांकि श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और अलवर में हुई बारिश से तापमान में हल्की गिरावट आई। इसके बावजूद श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विज्ञान के अनुसार बुधवार से मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश अलवर जिले में हुई। कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र में मंगलवार सुबह तक 37 मिलीमीटर बारिश मापी गई।

प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में गर्मी का असर बरकरार रहा। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा जैसलमेर में 39 डिग्री, बीकानेर में 38.8, चूरू में 38.7 और फलोदी में 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। हनुमानगढ़ के संगरिया में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। जोधपुर में तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, भरतपुर, धौलपुर, जालोर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और बांसवाड़ा सहित 18 जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। विभाग ने लोगों से मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

Next Story