राजस्थान

Jaipur: राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी, 21 जुलाई से बदल सकता है मौसम

Admindelhi1
18 July 2026 1:02 PM IST
Jaipur: राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी, 21 जुलाई से बदल सकता है मौसम
x

जयपुर: कमजोर मानसून के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर सीमित बना हुआ है। शुक्रवार को दौसा, कोटा, डूंगरपुर सहित करीब पांच शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं बारिश की कमी के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और प्रदेश के चार शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर में सर्वाधिक 41.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि अलवर में न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक था। श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर और पिलानी में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं अलवर, बीकानेर, फलौदी, चूरू और श्रीगंगानगर में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। जयपुर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री तथा न्यूनतम 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को सर्वाधिक 16.6 मिमी वर्षा कोटा में दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर एरिया कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो गया है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल, झारखंड तथा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास स्थित है। मानसून ट्रफ अमृतसर, चंडीगढ़ और पटना से होकर गुजर रही है।

उन्होंने बताया कि आगामी तीन से चार दिन तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कमजोर मानसूनी परिस्थितियां बनी रहने की संभावना है। हालांकि 21 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। इसके बाद 22 और 23 जुलाई से पश्चिमी तथा मध्य राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 23 से 28 जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी वर्षा गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हो सकती है।

Next Story