राजस्थान
Jaipur : मंत्री सुमित गोदारा ने दिलाया योग का संकल्प, कहा – स्वस्थ तन में बसता है स्वस्थ मन
Tara Tandi
22 Jun 2025 4:43 PM IST

x
Jaipur जयपुर । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के उपलक्ष्य में शनिवार को जिलेभर में जिला मुख्यालय से लेकर गांव-गांव तक हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर “आरोग्यता” एवं “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश दिया। हनुमानगढ़ टाउन स्थित ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग में जिला प्रशासन द्वारा आयुर्वेद विभाग और पतंजलि योगपीठ के संयुक्त तत्त्वावधान में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विशाखापट्टनम से संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जब दुनिया में अशांति और अस्थिरता बढ़ रही है, तब योग शांति का मार्ग दिखाता है।
जिले में कालीबंगा के पुरातात्विक स्थल, गोगामेड़ी स्थित गोगाजी समाधि जैसे धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित हुए। ब्लॉक स्तर और ग्राम पंचायतों पर विद्यालयों, स्टेडियमों और पार्कों में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास हुआ।
मुख्य समारोह में खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता मामले मंत्री श्री सुमित गोदारा तथा प्रभारी सचिव डॉ. नीरज के पवन ने प्रातः 6:15 बजे दीप प्रज्ज्वलन कर योग दिवस का शुभारंभ किया। योगाभ्यास की शुरुआत योग नाद और “ॐ” के उच्चारण से हुई। योग प्रशिक्षक श्रीमती रेणु चौधरी और श्रीमती अचला वर्मा ने शिथिलीकरण, खड़े होकर किए जाने वाले आसन, बैठकर किए जाने वाले आसन, उदर व पीठ के बल लेटकर किए जाने वाले आसनों का अभ्यास करवाया। इस दौरान कपालभाति, नाड़ी शोधन, अनुलोम-विलोम, शीतली और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया। ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन, वज्रासन, प्राणायाम एवं ध्यान जैसी योग क्रियाएं भी करवाई गईं। मंच पर योग प्रशिक्षक चानणराम चौधरी, कुलदीप खिलेरी, रवि चौहान, शानु मीर, सुजाता, लक्षिता, प्रियंका शर्मा और शबनम ने योग मुद्राओं का अभ्यास करवाया। मंच संचालन योग प्रशिक्षक श्री विजय कौशिक ने किया।
मंत्री श्री सुमित गोदारा ने उपस्थित जनसमूह को योग और प्राणायाम का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का वास होता है और स्वस्थ मन ही आरोग्यता का केंद्र होता है।” उन्होंने सभी को नियमित योगाभ्यास करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 175 देशों के समर्थन से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया। तब से यह दिवस विश्वभर में उत्साह से मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इस वर्ष योग कार्यक्रमों को धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों से जोड़कर आयोजित किया गया, जिससे न केवल योग को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि जिले की सांस्कृतिक धरोहरों को भी नई पहचान मिलेगी। इस अवसर पर मंत्री ने भटनेर दुर्ग स्थित हनुमानजी मंदिर में दर्शन किए।
जिला कलेक्टर श्री काना राम ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक कला है। यह शरीर, मन और आत्मा का संतुलन स्थापित करता है। आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग ही संतुलन और समाधान का साधन है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग अपनाने और नशे, मोबाइल की लत तथा मानसिक अवसाद से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने इसे आत्मानुशासन और आत्मसाक्षात्कार का साधन बताया। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक व कार्यक्रम नोडल डॉ. तीर्थ सिंह शर्मा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एसबीआई बैंक और आयुर्वेद विभाग की ओर से कैप व टी-शर्ट वितरित की गईं।
मुख्य योगाभ्यास समारोह में जिला कलेक्टर श्री काना राम, पुलिस अधीक्षक श्री हरी शंकर, हनुमानगढ़ विधायक श्री गणेशराज बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रमोद डेलू, जनप्रतिनिधि श्री अमित सहू, एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीणा, जिला परिषद सीईओ श्री ओ.पी. बिश्नोई, डीएफओ श्री सुरेश कुमार, जनप्रतिनिधि श्री सुमित रणवां, श्री विकास गुप्ता, नगर परिषद आयुक्त श्री सुरेंद्र यादव, एसडीएम श्री मांगीलाल, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, सीडीईओ श्री पन्नालाल कड़ेला सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, युवा, महिलाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
TagsJaipur मंत्री सुमित गोदारादिलाया योग संकल्पस्वस्थ तनबसता स्वस्थ मनJaipur Minister Sumit Godaramade people take the pledge of yogahealthy bodyhealthy mindजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday
Next Story





