राजस्थान
Jaipur: जिले के प्रभारी मंत्री ने बांसवाड़ा में ली समीक्षा बैठक
Tara Tandi
14 Jun 2025 6:38 PM IST

x
Jaipur जयपुर । बांसवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री तथा जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग के मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने प्रदेश सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और अभियानों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर स्तर पर सतत संवाद एवं समन्वय के साथ कार्य करें तथा जिले में इनसे संबंधित गतिविधियों को आशातीत सफलता दिलाएं।
श्री खराड़ी ने शनिवार को बांसवाड़ा जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की समीक्षा की और समय पर लक्ष्यार्जन करते हुए उपलब्धि हासिल करने पर बल दिया। प्रभारी मंत्री ने जल स्वावलम्बन अभियान को जन अभियान बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए जल संरक्षण गतिविधियों को व्यापक स्तर पर क्रियान्वित करें ताकि आने वाले समय में जल आत्मनिर्भरता के अच्छे परिणाम सामने आ सकें।
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री ने कहा कि जल स्वावलम्बन अभियान से जल स्रोतों एवं जलाशयों की साफ-सफाई एवं इन्हें आबाद करते हुए अधिकाधिक उपयोगिता सिद्ध करने की दिशा में सरकार के प्रयास रंग ला रहे हैं और प्रदेश भर में इस दिशा में सार्थक कार्य हो रहा है, जिसका दीर्घकालीन फायदा प्रदेशवासियों को होगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की यह मुहिम आमजन के लिये वरदान साबित होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने परम्परागत जल स्रोत, बावड़ियों, तालाबों, बांधों एवं अन्य जल स्रोतों की सफाई और उनके संरक्षण की दिशा में जो कदम बढाया उसे हम सब को मिलकर आगे बढ़ाना है, साथ ही पानी को सुरक्षित करके उसे बचाना हम सभी की अहम जिम्मेदारी है।
उन्होंने जल संरक्षण गतिविधियों में गुणवत्ता एवं अधिकाधिक उपादेयता के लिए गंभीर प्रयासों पर भी जोर दिया। श्री खराड़ी ने हरियालो राजस्थान को सफल बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए सभी संभव तैयारियां करते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाये जाने की ठोस कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि प्रत्येक व्यक्ति पेड़ लगाए। खासकर स्कूली बच्चों को भी इसमें जोड़ा जाना चाहिए ताकि नई पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता निभा सके। पेड़ लगाने के साथ ही इसके सुरक्षित पल्लवन और संरक्षित विकास पर भी ध्यान केन्द्रित किया जाना चाहिए। ग्राम स्तर से लेकर जिला स्तर पर वृक्षारोपण गतिविधियों का व्यापक पैमाने पर आयोजन होना चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने जिले में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक खुशहाली एवं सामाजिक विकास गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया और कहा कि इन समूहों से जुडे लोगों और आम ग्रामीणों को उक्त अभियान के साथ ही सामाजिक, राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय सरोकारों से जोड़ने के लिए ग्रामीण जनप्रतिनिधि एवं जागरुक लोग आगे आएं।
उन्होंने जल स्वावलम्बन एवं पौधारोपण का संदेश आमजन तक पहुंचाकर इन दोनों ही अभियानों में प्राथमिकता के साथ लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया और कहा कि यह हम सभी का सर्वोपरि कर्तव्य है।
बैठक में जिला कलक्टर डॉ इन्द्रजीत यादव ने 5 जून से चलाये जा रहे जल संरक्षण अभियान की अब तक की विभागवार किये गये कार्यो की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि 20 जून तक होने वाले कार्यो की रुपरेखा के अनुसार विभागवार जिम्मेदारी सौप दी गई है। उन्होंने बताया कि 5 जून से प्रारंभ हुए इस अभियान में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया और आयोजनों में आमजन की भागीदारी बड़ी संख्या में रही है। बैठक में पीपीटी के माध्यम से अब तक अभियान को लेकर किये गये कार्यो की जानकारी दी गई।
TagsJaipur जिले प्रभारी मंत्रीबांसवाड़ा समीक्षा बैठकJaipur district in-charge ministerBanswara review meetingजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





