राजस्थान

Jaipur: एसीबी में अधिकारियों का बड़ा ट्रांसफर

Admindelhi1
9 May 2026 1:00 PM IST
Jaipur: एसीबी में अधिकारियों का बड़ा ट्रांसफर
x
"16 एएसपी के तबादले से विभाग में बदलाव"

जयपुर: राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह (ग्रुप-1) विभाग द्वारा शुक्रवार को राजस्थान पुलिस सेवा (आरपीएस) के 16 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के तबादलों एवं पदस्थापन के आदेश जारी किए गए। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार ये नियुक्तियां राजस्थान सिविल सेवा (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में व्यक्तियों की नियुक्ति के लिए विशेष चयन और सेवा की विशेष शर्तें) नियम, 2011 के तहत की गई हैं। तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण जिलों एवं शाखाओं में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आदेश के अनुसार झाबरमल को एसआईडब्ल्यू जयपुर, ज्ञान सिंह चौधरी को दौसा, ऋषिकेश मीणा को टोंक तथा गोपाल स्वरूप मेवारा को चित्तौड़गढ़ में लगाया गया है।

इसी प्रकार रामेश्वर परिहार को सवाई माधोपुर, राजवीर सिंह चंपावत को ब्यावर, भूपेन्द्र सिंह को फलौदी तथा सतपाल सिंह को डीडवाना में पदस्थापित किया गया है।

वहीं प्रशांत कौशिक को जयपुर एसयू प्रथम, महावीर सिंह को खैरथल-तिजारा, राजेन्द्र कुमार जैन को डूंगरपुर और सुनील झाझरिया को विभागीय जांच शाखा जयपुर में जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा मनोज कुमार गुप्ता को जयपुर शहर चतुर्थ, महेन्द्र कुमार गुप्ता को जयपुर शहर द्वितीय, सुरेश शर्मा को श्रीगंगानगर तथा देरावर सिंह को अजमेर में पदस्थापन दिया गया है।

संयुक्त शासन सचिव (पुलिस) मनीष गोयल द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव एवं महानिदेशक पुलिस (एसीबी) सहित संबंधित विभागों को भेज दी गई है।

Next Story