राजस्थान

Jaipur: बिजली विभाग का बड़ा एक्शन, 17 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला जाएगा

Admindelhi1
18 July 2026 1:34 PM IST
Jaipur: बिजली विभाग का बड़ा एक्शन, 17 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला जाएगा
x
"साबुन फैक्ट्री सहित 13 स्थानों पर बिजली चोरी से मचा हड़कंप"

जयपुर: जयपुर डिस्कॉम की सतर्कता शाखा ने शुक्रवार को राडावास और मुहाना-सांगानेर ग्रामीण उपखंड क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर बिजली चोरी और विद्युत दुरुपयोग के 13 मामलों का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान साबुन फैक्ट्री, डेयरी फार्म, दुकान और आवासीय परिसरों में अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पाए जाने पर कुल 17 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) महेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि सहायक अभियंता (सतर्कता) उपासना सिंह के नेतृत्व में राडावास क्षेत्र में की गई जांच के दौरान एक साबुन निर्माण फैक्ट्री में एलटी लाइन से भूमिगत अवैध तार जोड़कर बिजली चोरी की जा रही थी। इस मामले में करीब 5.13 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसी क्षेत्र के ग्राम डूडियों की ढाणी स्थित एक डेयरी फार्म में ट्रांसफार्मर की बुशिंग से अवैध पीवीसी केबल जोड़कर बिजली चोरी पकड़ी गई, जिस पर करीब 3.08 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं ग्राम धावली, डांगीपुरा, शिवदासपुरा और कलवानियों का बास में एक दुकान और तीन आवासीय परिसरों में बिजली चोरी पाए जाने पर करीब 3.82 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

दूसरी ओर, अधिशाषी अभियंता (सतर्कता) के.सी. गुप्ता के नेतृत्व में मुहाना-सांगानेर ग्रामीण उपखंड क्षेत्र के देवनगर प्रथम एवं द्वितीय, गुर्जर की तलाई, रिद्धी-सिद्धी नगर और केश्यावाला में छह आवासीय परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। इन मामलों में करीब 5.04 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा मुहाना के जगन्नाथपुरा स्थित एक कृषि परिसर में विद्युत दुरुपयोग का मामला सामने आने पर करीब 4 हजार रुपये का जुर्माना किया गया।

डिस्कॉम ने चेतावनी दी है कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा निर्धारित अवधि में जुर्माना राशि जमा नहीं कराई जाएगी, उनके विरुद्ध विद्युत चोरी निरोधक पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सतर्कता शाखा ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Next Story