राजस्थान

Jaipur: राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो सकती है हल्की‑भारी बारिश

Admindelhi1
3 April 2026 12:56 PM IST
Jaipur: राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो सकती है हल्की‑भारी बारिश
x

जयपुर: राजस्थान में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभों के चलते मौसम ने करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह जैसलमेर, नागौर, डीडवाना-कुचामन और जालोर सहित कई जिलों में बारिश का दौर देखने को मिला। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है, जिसका असर विभिन्न क्षेत्रों में महसूस किया जा रहा है।

जैसलमेर जिले के पिथोडाई गांव में सुबह करीब 15 मिनट तक ओलावृष्टि हुई, जबकि डीडवाना में तड़के तेज बारिश हुई। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है और गर्मी से राहत मिली है। जालोर में भी हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया।

प्रदेश के कई हिस्सों विशेषकर श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर क्षेत्र में बारिश और ओलों से गेहूं की तैयार फसल को नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी फसलें गिरने की खबरें सामने आई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार वर्तमान सिस्टम का सबसे ज्यादा असर अब देखने को मिलेगा। इस दिन आठ जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार छह अप्रैल से एक और मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में थंडरस्टॉर्म गतिविधियां जैसे तेज आंधी, बिजली चमकना और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती हैं। लगातार सक्रिय हो रहे इन सिस्टम्स के चलते प्रदेशवासियों को 10 अप्रैल तक तेज गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की संभावना है। तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने के आसार हैं।

पूरे राजस्थान में मौसम का यह बदला रूप जहां आमजन के लिए राहत लेकर आया है, वहीं किसानों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। आने वाले दिनों में मौसम की यह सक्रियता बनी रहने की संभावना है, जिससे सतर्क रहने की जरूरत है।

Next Story