राजस्थान

Jaipur: एसएचओ के व्यवहार से नाराज वकीलों ने कोर्ट के बाहर किया हंगामा

Admindelhi1
19 Aug 2026 10:57 AM IST
Jaipur: एसएचओ के व्यवहार से नाराज वकीलों ने कोर्ट के बाहर किया हंगामा
x
पुलिस अधिकारी के व्यवहार पर भड़के अधिवक्ता, कोर्ट के बाहर प्रदर्शन

जयपुर: सेशन कोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मनीष शर्मा के साथ सदर थानाधिकारी द्वारा कथित दुर्व्यवहार और अभद्रता के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। जिसके चलते नाराज सैकड़ों अधिवक्ता दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कोर्ट के बाहर सड़क पर उतर आए। वकीलों ने टायर जलाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और रास्ता जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण खासा कोठी सर्किल से पानी पेच तक लंबा जाम लग गया।

अधिवक्ताओं के सड़क पर उतरने से सेशन कोर्ट के आसपास यातायात व्यवस्था चरमरा गई। इसके चलते वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिसकर्मियों को व्यवस्था सुचारू करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

प्रदर्शनकारी वकील सेशन कोर्ट के मुख्य मार्ग पर एकत्र हुए और सड़क पर टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया। अधिवक्ताओं ने संबंधित थानाधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

अधिवक्ताओं का कहना है कि किसी भी वकील के साथ पुलिस अधिकारी का दुर्व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित थानाधिकारी को तत्काल निलंबित करने के साथ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि मामले में उचित कार्रवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।

Next Story