राजस्थान

Jaipur: जयपुर में सफाई और प्लास्टिक मुक्ति को लेकर के के गुप्ता की पहल

Admindelhi1
11 March 2026 12:41 AM IST
Jaipur: जयपुर में सफाई और प्लास्टिक मुक्ति को लेकर के के गुप्ता की पहल
x

जयपुर: स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत जयपुर जिले की सभी नगरीय निकायों, रूडीप/अमृत 2.0 परियोजना और जल जीवन मिशन से जुड़े अधिकारियों की कार्यशाला मंगलवार को नगर निगम जयपुर के सभागार में आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) राजस्थान के ब्रांड एम्बेसडर के.के. गुप्ता ने की।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता में ही नागरिकों के स्वास्थ्य और समृद्धि की कुंजी निहित है। स्वच्छता एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि पूरे वर्ष निरंतर किए जाने वाला दायित्व है। उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जयपुर को गड्ढा, गंदगी और प्लास्टिक मुक्त बनाना सभी का लक्ष्य होना चाहिए तथा स्वच्छता कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता को प्रभावी बनाने के लिए 100 प्रतिशत कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण, वर्ष के 365 दिन समयबद्ध कचरा उठाव, जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग और सॉफ्टवेयर के माध्यम से पेनल्टी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मोहल्लों में आम नागरिकों को जोड़ते हुए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर स्वच्छता गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों और मूत्रालयों की दिन में तीन बार सफाई, खाली भूखंडों की सफाई नहीं होने पर पेनल्टी और सीज की कार्रवाई, व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई, बिजली के पोलों की लाइट व्यवस्था दुरुस्त रखने, बेसहारा गायों को गौशालाओं में भेजने, नालियों की हाई-प्रेशर मशीन से सफाई और बाग-बगीचों को स्वच्छ रखने के निर्देश भी दिए।

कार्यशाला में अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर (चतुर्थ) आशीष कुमार, डीसी ओम थानवी सहित जयपुर जिले के नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story