Jaipur: जयपुर में घरेलू गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

जयपुर: जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और आपूर्ति के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जयपुर जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूर्ववत निर्बाध रूप से जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की चिकित्सीय और शैक्षणिक संस्थानों में भी निर्बाध उपलब्धता बनी रहे, ताकि आवश्यक सेवाओं में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
जिला कलक्टर ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने गैस विपणन कंपनियों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं तक प्रमाणित सूचना और जागरूकता संदेश पहुंचाएं, ताकि भ्रम की स्थिति न बने।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से 1445 तथा पुलिस आयुक्तालय जयपुर की ओर से 112 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर गैस सिलेंडर से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत की सूचना दी जा सकती है।
बैठक में रसद विभाग के अधिकारियों को घरेलू गैस सिलेंडरों के वाणिज्यिक उपयोग, अवैध रीफिलिंग और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने कहा कि ऐसी अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जयपुर शहर में पहले से ही घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रीफिलिंग, अवैध उपयोग और भंडारण पर रोक लगाने के लिए “ऑपरेशन प्रवर्तन – सतर्क नागरिक, सुरक्षित शहर” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रशासन की ओर से नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
जिला कलक्टर ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (दक्षिण) युगांतर शर्मा और जिला रसद अधिकारी जयपुर शहर एवं ग्रामीण को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग, रीफिलिंग या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





