राजस्थान
Jaipur : स्कूल भवनों की गुणवत्ता जांच के निर्देश, जर्जर भवन होंगे ध्वस्त: शिक्षा मंत्री
Tara Tandi
28 July 2025 2:23 PM IST

x
Jaipur जयपुर । 2 दिन पहले झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र में स्कूल की छत गिरने से हुए दर्दनाक हादसे को लेकर रविवार को शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर ने अपने दोनों विभागों के उच्च स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसको लेकर किए जाने वाले उपायों पर बैठक में विचार किया गया तथा भविष्य की योजना बनाने के निर्देश दिए गए।
श्री दिलावर ने बताया कि प्रदेश के सभी स्कूलों का जिला कलेक्टर के माध्यम से सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे में जो विद्यालय भवन जर्जर अवस्था में पाए जाएंगे, उन पर लाल रंग से क्रॉस का निशान लगाकर उन्हें बंद किया जाएगा। जर्जर पाए गए भवनों को प्राथमिकता के आधार पर गिराया जाएगा तथा वहां पर वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए कंटेनर लगाकर कक्षाएं संचालित की जाएंगी। आवश्यकता अनुसार नए भवनों में भी कंटेनर कक्षा लगाने का विचार किया जाएगा।
सर्वे के अनुसार सभी जर्जर भवनों तथा मरम्मत योग्य भवनों का जीआईएस आधारित एप बनाया जाएगा। जिसे शाला दर्पण से लिंक किया जाएगा तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का प्रयोग किया जाएगा, जिससे भवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बजट प्रावधान किए जाएंगे।
आपदा प्रबंधन कोष से बरसात की विभीषिका को देखते हुए 170 तहसीलों के 7500 स्कूलों में मरम्मत हेतु डेढ़ सौ करोड रुपए के प्रस्ताव स्वीकृत किए जाएंगे ताकि क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत कर उन्हें सुरक्षित बनाया जा सके।
स्कूल भवन के निर्माण में गुणवत्ता नियंत्रण के लिए समग्र शिक्षा में एक प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा तथा जिलों में होने वाले निर्माण की गुणवत्ता की जांच पीडब्ल्यूडी के गुणवत्ता जांच प्रयोगशालाओं से कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।
घटिया निर्माण को रोकने के लिए सख्त प्रावधान करते हुए शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने निर्देश दिए की निर्माण कार्य की गुणवत्ता घटिया पाए जाने पर सम्बंधित ठेकेदार और अभियंता की जिम्मेदारी तय करते हुए उनसे वसूली की जाएगी।
प्रदेश के निजी स्कूलों का भी सर्वे होगा ताकि इन स्कूलों में भी पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। निजी स्कूलों में बच्चों को लाने ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा जांच, वाहन फिटनेस तथा वाहन चालक की मेडिकल जांच सहित शिक्षा विभाग द्वारा अन्य सुरक्षा मानकों की निगरानी की जाएगी। दुर्घटनाओं में जान माल का नुकसान न हो, इसके लिए स्कूल विकास एवं प्रबंधन समितियां को प्राथमिक उपचार तथा अग्निशमन उपाय का तत्काल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार शिक्षा मंत्री प्रदेश के सभी विधायकों एवं प्रदेश के सांसदों से उनके विकास कोष से इस वर्ष की 20% राशि देने की मांग करेंगे। साथ ही डांग विकास योजना, मगरा विकास योजना, मेवात विकास योजना में 15% से बढ़कर की गई 20% राशि का भी इस कार्य में उपयोग के लिए संबंधित विभाग के मंत्री को पत्र भेजकर मांग की जाएगी।
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर ने बताया कि आगामी दिवसों में दक्षिण पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए क्षेत्र के सभी जिलों में अवकाश करने हेतु जिला कलेक्टरों को अधिकृत कर दिया गया है।
श्री मदन दिलावर ने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को प्रदेश के सभी विद्यालयों में बनाए गए पिंक टॉयलेट की गुणवत्ता की समीक्षा करने, पंचायत राज विभाग में कराए जा रहे सभी नवीन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। मंत्री ने सार्वजनिक शौचालय का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किए जाने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस बैठक में शासन सचिव, शिक्षा श्री कृष्ण कुणाल, शासन सचिव, पंचायती राज विभाग श्री जोगाराम, राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, डॉ. अनुपमा जोरवाल, संस्कृत शिक्षा विभाग की आयुक्त श्रीमती प्रियंका जोधावत, सहायक परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा श्री सुरेश बुनकर, समग्र शिक्षा के अधीक्षण अभियंता अशोक ठया, संस्कृत शिक्षा के संयुक्त निदेशक जितेंद्र अग्रवाल, पंचायती राज विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री अरविंद सक्सेना तथा संजय शर्मा, शिक्षा मंत्री के विशेषाधिकारी श्री सतीश गुप्ता, श्री सुरेंद्र गोदारा, श्री अभय सिंह राठौड़ उपस्थित थे।
TagsJaipur स्कूल भवनोंगुणवत्ता जांच निर्देशजर्जर भवन होंगे ध्वस्तशिक्षा मंत्रीJaipur school buildingsquality check instructionsdilapidated buildings will be demolishedEducation Ministerजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





