राजस्थान

Jaipur: जयपुर रैली में पीएम मोदी को बुलाने की पहल, मदन राठौड़ ने सौंपा न्योता

Admindelhi1
19 July 2026 12:35 PM IST
Jaipur: जयपुर रैली में पीएम मोदी को बुलाने की पहल, मदन राठौड़ ने सौंपा न्योता
x
जयपुर में घुमंतू समाज की बड़ी रैली, प्रधानमंत्री को बुलाने की मांग

जयपुर: राजस्थान के विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समाज की प्रस्तावित विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने की मांग को लेकर विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जन अधिकार समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर जनसभा की रूपरेखा और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

समिति के सह-संयोजक राकेश बिड़ावत ने बताया कि नवंबर 2027 से फरवरी 2028 के बीच जयपुर में प्रस्तावित इस जनसभा में प्रदेशभर से करीब पांच लाख विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू परिवारों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष से आग्रह किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कार्यक्रम में आमंत्रित कराने के लिए पहल की जाए।

प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्रीय संयोजक रामकिशोर योगी, सदस्य राम अवतार योगी, जयपुर प्रांत संयोजक जसराम गोस्वामी और सामाजिक कार्यकर्ता वेद प्रकाश पटेल भी शामिल रहे।

बिड़ावत ने बताया कि फरवरी 2026 में समिति की ओर से आयोजित महासम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे, जिससे समाज में नई ऊर्जा और एकजुटता का संदेश गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से समाज को लाभ मिल रहा है और इसी विश्वास के साथ समाज अब जयपुर में बड़ी जनसभा आयोजित कर सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी को मजबूत करना चाहता है।

Next Story