राजस्थान

Jaipur: भाजपा की सरकार बनने पर निकायों में विकास कार्यों को मिलेगी गति: भजनलाल

Admindelhi1
10 Sept 2026 8:15 AM IST
Jaipur: भाजपा की सरकार बनने पर निकायों में विकास कार्यों को मिलेगी गति: भजनलाल
x
निकायों में भाजपा की सरकार से विकास को मिलेगी नई दिशा: भजनलाल शर्मा

जयपुर: निकाय चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में रोड शो कर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुआ रोड शो त्रिपोलिया गेट तक पहुंचा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए भाजपा सरकार के ढाई साल के कामकाज गिनाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज की है। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के पांच साल में करीब 3,900 मेगावाट बिजली उत्पादन बढ़ा, जबकि भाजपा सरकार ने ढाई साल में 12 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन किया है। राजस्थान अब बिजली लेने वाला नहीं, बल्कि बिजली देने वाला राज्य बन रहा है।

पानी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने यमुना जल समझौते सहित विभिन्न बड़ी जल परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि खेतों और शहरों तक पानी पहुंचाने को सरकार ने प्राथमिकता दी है। कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि सरकार ने लव जिहाद और धर्मांतरण की समस्या के निवारण के लिए कदम उठाए हैं। परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी और लोगों को डरने की जरूरत नहीं है।

रोजगार और भर्ती का भी किया जिक्र

भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार अब तक एक लाख 85 हजार नियुक्ति पत्र दे चुकी है। एक लाख 22 हजार भर्तियों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि करीब 70 हजार पदों की वैकेंसी निकाली गई है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है और कांग्रेस सरकार के समय की अनियमितताओं पर भी निशाना साधा।

मेट्रो और विकास योजनाओं पर कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय विकास योजनाओं को लटकाने-अटकाने का काम हुआ, जबकि भाजपा सरकार योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के पांच साल में करीब पांच किलोमीटर मेट्रो लाइन का काम हुआ, जबकि वर्तमान सरकार में करीब 45 किलोमीटर मेट्रो लाइन का शिलान्यास किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा, “देश में मोदी है तो मुमकिन है।” मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव में जातिगत समीकरणों से ऊपर उठकर विकास के नाम पर मतदान करने की अपील की।

ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार है और अब निकायों में भाजपा का बोर्ड बनाकर ट्रिपल इंजन सरकार बनानी है। निकाय और पंचायत मजबूत होंगे तो विकास की रफ्तार और तेज होगी। उन्होंने मतदाताओं से घर से निकलकर मतदान करने तथा “विकसित राजस्थान, विकसित भारत और विकसित जयपुर” के लिए भाजपा को समर्थन देने का आह्वान किया।

रोड शो में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राष्ट्रीय महामंत्री एवं निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंद आचार्य, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी सहित पार्टी के विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे। मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान का विकास करना है तो ट्रिपल इंजन सरकार जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि सभी नगर निकायों में भाजपा अपना बोर्ड बनाने जा रही है।

Next Story