राजस्थान

Jaipur: भारी बारिश का अलर्ट, बांसवाड़ा-डूंगरपुर में प्रशासन हाई अलर्ट पर

Admindelhi1
24 July 2026 4:10 PM IST
Jaipur: भारी बारिश का अलर्ट, बांसवाड़ा-डूंगरपुर में प्रशासन हाई अलर्ट पर
x
राजस्थान में मौसम विभाग का रेड अलर्ट, बांसवाड़ा-डूंगरपुर रहें सतर्क

जयपुर: राजस्थान में मानसून का जोर लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को मौसम विभाग ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों के लिए भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि नौ जिलों में ऑरेंज और शेष कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में सक्रिय तीन अलग-अलग मौसम प्रणालियों के कारण 27 जुलाई तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

शुक्रवार सुबह अलवर समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई। अलवर में तड़के करीब 20 मिनट तक झमाझम बारिश होने से बाला किला की पहाड़ियों पर झरने बह निकले। जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और सीकर सहित कई शहरों में भी बारिश और बादलों की आवाजाही से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली तथा अधिकांश स्थानों पर दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया।

गुरुवार को बाड़मेर, जालोर, सिरोही, उदयपुर, पाली, भीलवाड़ा और जैसलमेर सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। उदयपुर जिले के लसाड़िया क्षेत्र में 24 घंटे के दौरान 11 इंच से अधिक वर्षा मापी गई, जबकि भीलवाड़ा के बागोर में 60 मिमी, हमीरगढ़ में 50 मिमी, सलूंबर में 61 मिमी, झालड़ा में 62 मिमी, पचपदरा में 51 मिमी, पाटौदी में 55 मिमी, आमेट में 61 मिमी, सरदारगढ़ में 54 मिमी, राजसमंद शहर में 49 मिमी, राश्मी में 53 मिमी, भदेसर में 45 मिमी तथा जालौर में 51 मिमी बारिश हुई।

भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के कलाल खेड़ी गांव में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हुआ। तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चरवाहे धर्मा नाथ और उनकी 11 वर्षीय दोहिती गायत्री नाथ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सात बकरियां भी झुलसकर मर गईं। घटना के समय ग्रामीणों ने तेज धमाके की आवाज सुनने की भी जानकारी दी।

लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। डूंगरपुर में सोम और माही नदियां उफान पर हैं। कई जगह बरसाती नदियां बहने, पुलियाओं के क्षतिग्रस्त होने और जलभराव के कारण गांवों तथा छोटे कस्बों का संपर्क टूट गया है।

हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, ब्यावर, भीलवाड़ा और उदयपुर सहित कई जिलों में खेत जलमग्न हो गए हैं।

इधर महाराष्ट्र और गुजरात में हो रही मूसलाधार बारिश का असर राजस्थान के रेल यातायात पर भी पड़ा है। घोलवड़ और उमरगांव के बीच रेलवे पुल के नीचे जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंचने के कारण उत्तर पश्चिम रेलवे ने 24 जुलाई को बांद्रा टर्मिनस-जैसलमेर एक्सप्रेस (22931) और दादर-भगत की कोठी एक्सप्रेस (20484) को रद्द कर दिया है। वहीं 25 जुलाई को जैसलमेर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (22932) भी रद्द रहेगी।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार दक्षिणी राजस्थान पर बने शियर जोन तथा पश्चिम और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाओं के प्रभाव से राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के कारण अगले चार दिनों तक अधिकांश जिलों में मध्यम से भारी तथा दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Next Story