
जयपुर: एब्डोमिनल कैंसर ट्रस्ट द्वारा फोर्टिस हॉस्पिटल और आईआईईएमआर के सहयोग से ‘वर्ल्ड एब्डोमिनल कैंसर डे’ के तहत रविवार को देश के कई शहरों में जागरूकता वॉकथॉन आयोजित की गई। अभियान का उद्देश्य पेट के कैंसर की शुरुआती पहचान, समय पर उपचार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
जयपुर में आयोजित वॉकथॉन जलेब चौक से प्रारंभ होकर जंतर-मंतर, सिटी पैलेस, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़ और हवा महल होते हुए पुनः जलेब चौक पहुंची। प्रतिभागियों ने पर्पल टी-शर्ट पहनकर कैंसर जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मनाभ सिंह, सुरेश मिश्रा, वर्ल्ड एब्डोमिनल कैंसर डे के संस्थापक संदीप जैन, मनीष अग्रवाल, जयपुर रनर्स क्लब के प्रवीन तिजारिया एवं रवि गोयनका सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डॉ. संदीप जैन ने कहा कि पेट के कैंसर के प्रति जागरूकता की कमी अभी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली ही इसकी रोकथाम का सबसे प्रभावी तरीका है। वहीं पंडित सुरेश मिश्रा ने लोगों से शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की। आयोजकों ने बताया कि 19 मई को प्रिवेंटिव जीआई ऑन्कोलॉजी विषय पर राष्ट्रीय स्तर की पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर के विशेषज्ञ कैंसर की शुरुआती पहचान, एआई आधारित तकनीक और आधुनिक जांच पद्धतियों पर विचार-विमर्श करेंगे।
विशेषज्ञों के अनुसार एब्डोमिनल कैंसर के अंतर्गत गैस्ट्रिक, लिवर, पैंक्रियाटिक, कोलन, गॉल ब्लैडर और ओवेरियन कैंसर शामिल हैं। समय पर जांच और जागरूकता से इनका प्रभावी उपचार संभव है।





