राजस्थान

Jaipur: GST टीम ने 12 करोड़ की टेक्स चोरी पकड़ी

Admindelhi1
15 Feb 2025 10:38 AM IST
Jaipur: GST टीम ने 12 करोड़ की टेक्स चोरी पकड़ी
x

जयपुर: राजस्थान जीएसटी टीम की प्रवर्तन शाखा ने फर्जी कम्पनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11.67 करोड़ रुपए की कर चोरी पकड़ी है। यह कार्रवाई राजस्थान के वाणिज्यिक कर विभाग के मुख्य आयुक्त प्रकाश राजपुरोहित के निर्देशन में फर्जी कम्पनियों के खिलाफ चलाए जा रहे तलाशी अभियान के तहत की गई।

इस अभियान के तहत विभाग की प्रवर्तन शाखा द्वितीय ने भिवाड़ी में सर्वे किया, जिसमें विकास जैन पुत्र रमेश चंद जैन, सेक्टर-7, रोहिणी, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली द्वारा कर चोरी की नीयत से टपूकड़ा, अलवर में प्राइवेट लिमिटेड कंपनी पंजीकृत कराने की बात सामने आई। इस कंपनी में दिल्ली स्थित 8 गैर-मौजूद कंपनियों से बोगस (फर्जी) बिलों के जरिए 65 करोड़ रुपये से अधिक की खरीद दिखाकर 11.67 करोड़ रुपये का आईजीएसटी प्राप्त किया गया और उसे राजस्थान में प्रभात कुमार की कंपनियों में स्थानांतरित कर दिया गया। इसका मतलब यह है कि प्रभात कुमार के साथ कर चोरी की साजिश रची गई थी। इस तरह विकास जैन ने अपने टैक्स रिटर्न में बिक्री दिखाकर 11.67 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की।

प्रवर्तन शाखा द्वितीय की टीम ने 12 फरवरी को प्रभात कुमार को गिरफ्तार किया था, जिसे अदालत ने 25 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। टीम ने अगले दिन टैक्स चोरी के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की, जिसके तहत मुख्य आरोपी विकास जैन को 13 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह कार्रवाई आयुक्त प्रकाश राजपुरोहित के निर्देशन में कुलदीप कुमार सिंह विशिष्ट आयुक्त प्रवर्तन राजस्थान जयपुर, बाबू सिंह अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) राज्य कर प्रवर्तन शाखा द्वितीय जयपुर द्वारा प्रकाश सिंह शेखावत उपायुक्त वृत्त सी, जितेन्द्र कुमार गुप्ता घाेटा द्वितीय के पर्यवेक्षण में की गई। इसके अलावा टीम में मानसी शर्मा, प्रहलाद राम, राजेश कुमार यादव, रवि चौहान सहायक आयुक्त तथा अजीत सिंह, सुनील कुमार यादव, राहुल नट्टानी, नितीश माथुर, बिहारी लाल राज्य कर अधिकारी शामिल थे।

Next Story