राजस्थान

Jaipur: प्रभात गोस्वामी की पुस्तक ‘खबरों के इर्द-गिर्द’ का भव्य लोकार्पण

Admindelhi1
14 July 2026 4:30 PM IST
Jaipur: प्रभात गोस्वामी की पुस्तक ‘खबरों के इर्द-गिर्द’ का भव्य लोकार्पण
x

जयपुर: जनसम्पर्क मित्र समूह के मासिक मिलन कार्यक्रम के तहत सोमवार को नारायण सर्किल स्थित दिगम्बर जैन भट्टारक जी नसियां परिसर में पूर्व संयुक्त निदेशक एवं व्यंग्यकार प्रभात गोस्वामी की नई पुस्तक ‘खबरों के इर्द-गिर्द : जनसम्पर्क सेवा के तीन दशक’ का लोकार्पण जनसम्पर्क विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त एवं कार्यरत जनसम्पर्ककर्मियों ने भाग लेकर लेखक को शुभकामनाएं दीं।

पुस्तक में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग तथा सहकारी डेयरी में तीन दशक के सेवाकाल के दौरान लेखक के अनुभवों, प्रशासनिक कार्यशैली, दो मुख्यमंत्रियों के साथ कार्य करने के संस्मरणों तथा जनसम्पर्क के विविध आयामों को शामिल किया गया है। पुस्तक में सेवा काल के खट्टे-मीठे अनुभवों के साथ प्रशासन और पत्रकारिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को भी स्थान दिया गया है।

इस अवसर पर पूर्व अतिरिक्त निदेशक एवं साहित्यकार गोपाल शर्मा ने कहा कि सरकारी सेवा में बहुत कम अधिकारी ऐसे होते हैं, जो अपने नियमित दायित्वों के साथ साहित्य और सृजन से भी निरंतर जुड़े रहते हैं।

प्रभात गोस्वामी ने अपने कार्यकाल के दौरान जहां भी सेवाएं दीं, वहां अपनी कार्यशैली और व्यक्तित्व की अलग पहचान बनाई। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक जनसम्पर्क और पत्रकारिता से जुड़े लोगों के लिए उपयोगी एवं पठनीय सिद्ध होगी।

पूर्व संयुक्त निदेशक एवं रंगकर्मी ईश्वर दत्त माथुर ने कहा कि प्रभात गोस्वामी ने अपने सेवाकाल के अनुभवों को पुस्तक के रूप में संजोकर महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार किया है। यह पुस्तक वर्तमान जनसम्पर्क कर्मियों के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के लिए भी मार्गदर्शक साबित होगी।

पुस्तक के लेखक प्रभात गोस्वामी ने सहकारी डेयरी और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग में अपने कार्यकाल के दौरान जिला कलेक्टर, मुख्य सचिव, मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए।

उन्होंने पुस्तक की विषयवस्तु और लेखन यात्रा पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में पूर्व उप निदेशक डॉ. लीलाधर उच्चैनिया ने पुस्तक पर विस्तृत पत्रवाचन प्रस्तुत करते हुए कहा कि इंडिया नेटबुक्स, नोएडा से प्रकाशित 176 पृष्ठों की यह पुस्तक केवल संस्मरणों का संकलन नहीं, बल्कि जनसम्पर्क विभाग की कार्यप्रणाली, जिला एवं राज्य स्तर के प्रशासनिक अनुभवों और पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं को समझने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि पुस्तक में गांव से लेकर राज्य स्तर तक के अनुभवों को सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है, जो भविष्य की पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायी होंगे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ जनसम्पर्ककर्मी रवि गोस्वामी, यादवेन्द्र सेन, कन्हैया लाल मीना, रेणु जुनेजा और राजेन्द्र शर्मा 'राजू' सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन गोविंद शर्मा ने किया, जबकि आयोजन पूर्व अतिरिक्त निदेशक गोपाल शर्मा के सौजन्य से संपन्न हुआ।

Next Story