Jaipur: घूमर फेस्टिवल–2025 का ग्रैंड आयोजन सात संभागों में

जयपुर: उपमुख्यमंत्री, पर्यटन तथा कला एवं संस्कृति मंत्री दीया कुमारी ने मंगलवार को जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम स्थित फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। यह कार्यक्रम बुधवार, 19 नवंबर को शाम 4.30 बजे होने वाले घूमर फेस्टिवल–2025 के राज्य स्तरीय आयोजन से जुड़ा है।
निरीक्षण के दौरान दीया कुमारी ने बताया कि राजस्थान की लोक-संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और जनभागीदारी पर आधारित सांस्कृतिक मॉडल को नई दिशा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार इस महोत्सव का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि बुधवार को प्रदेश के सातों संभागीय मुख्यालयों जयपुर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर में एक साथ भव्य रूप से घूमर फेस्टिवल की शुरुआत की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मंच व्यवस्था, प्रवेश मार्ग, सुरक्षा प्रबंधन, रिहर्सल, तकनीकी समन्वय और दर्शक सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समूचा आयोजन सुसंगठित और समयबद्ध बने तथा यह राजस्थान की सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप हो।
दीया कुमारी ने कहा कि घूमर नृत्य राजस्थान की आत्मा है और यह उत्सव न केवल लोक-संस्कृति को नई ऊर्जा देगा बल्कि पर्यटन की संभावनाओं को भी सुदृढ़ बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि सांस्कृतिक परंपराओं को जनभागीदारी और नवाचारों के साथ जोड़कर एक स्थायी मॉडल विकसित किया जाए।
पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ ने बताया कि पर्यटन विभाग ने सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली हैं और प्रतिभागियों तथा स्थानीय समुदाय में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस वर्ष महोत्सव का दायरा व्यापक रखा गया है। कई स्थानों पर पंजीकरण संख्या अपेक्षा से अधिक रही है।
जयपुर और जोधपुर में 1500 से अधिक पंजीकरण प्राप्त होने के कारण इन दोनों को “उच्च श्रेणी पुरस्कार श्रेणी” में शामिल किया गया है। यहाँ बेस्ट ग्रुप डांस, बेस्ट कॉस्ट्यूम, बेस्ट ज्वेलरी, बेस्ट सिंक्रोनाइजिंग और बेस्ट कोरियोग्राफी जैसी श्रेणियों में कुल 2,34,000 रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। वहीं अन्य पाँच संभागों के लिए 1,04,000 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।





