राजस्थान

Jaipur: किसानों के लिए ‘ग्राम रथ अभियान’ 27 अप्रैल से

Admindelhi1
27 April 2026 11:06 AM IST
Jaipur: किसानों के लिए ‘ग्राम रथ अभियान’ 27 अप्रैल से
x

जयपुर: राजस्थान सरकार किसानों को उन्नत और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से “ग्राम” (ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट) 2026 का आयोजन 23 से 25 मई तक करेगी। राज्य स्तरीय इस आयोजन में प्रदेशभर के हजारों किसान और पशुपालक भाग लेंगे। यह मंच कृषि निवेश, नवाचार, तकनीक और किसान समृद्धि से जुड़े अवसरों को बढ़ावा देगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सशक्त किसान, समृद्ध भारत’ विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसी क्रम में राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए 27 अप्रैल से 15 दिनों तक “ग्राम रथ अभियान” चलाया जाएगा। एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से संचालित इस अभियान का उद्देश्य किसानों और पशुपालकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना है।

जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए बताया कि जिले की 10 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों बगरू, आमेर, बस्सी, चाकसू, दूदू, फुलेरा, चौमू, जमवारामगढ़, शाहपुरा और झोटवाड़ा के 22 ब्लॉकों और 597 ग्राम पंचायतों में लगातार 15 दिनों तक यह अभियान संचालित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में भी ग्राम रथ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ग्राम रथ चयनित ग्राम पंचायतों में 5 से 6 स्थानों पर पहुंचकर लगभग एक-एक घंटे के वीडियो व ऑडियो संदेशों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा। इसके लिए सभी उपखंड अधिकारियों से रूट चार्ट प्राप्त कर लिया गया है।

अभियान के दौरान कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

Next Story