Jaipur: राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े को ICU में किया भर्ती, चिकित्सकीय निगरानी में

जयपुर: हरिभाऊ बागड़े को मंगलवार को सवाई मानसिंह अस्पताल के मेडिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया है। राज्यपाल दोपहर करीब एक बजे रूटीन जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे, जहां जांच के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल आईसीयू-2 में भर्ती कर लिया।
इस दौरान राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल की कुशलक्षेम पूछी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। चिकित्सा मंत्री खींवसर ने सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी और अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी सहित चिकित्सकों से राज्यपाल के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार राज्यपाल रूटीन जांच के तहत ब्लड सहित अन्य परीक्षण करवाने पहुंचे थे। जांच के दौरान उन्हें घबराहट के साथ बुखार आ गया, जिसके बाद एहतियात के तौर पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। अस्पताल के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
डॉक्टरों के अनुसार राज्यपाल को यूरिन में संक्रमण और किडनी से संबंधित हल्की समस्या के मद्देनजर जनरल मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी विभाग की टीम की देखरेख में उपचार दिया जा रहा है। उनके यूरिन और ब्लड के नमूनों की दोबारा जांच के लिए सैंपल भी भेजे गए हैं।





