राजस्थान

Jaipur: गरीब और किसान के कल्याण के लिए संकल्पित है सरकार: गृह राज्य मंत्री बेढम

Tara Tandi
9 March 2025 10:26 AM IST
Jaipur: गरीब और किसान के कल्याण के लिए संकल्पित है सरकार: गृह राज्य मंत्री बेढम
x
Jaipur जयपुर । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्रीमती पाना देवी मोरीजावाला राजकीय कन्या महाविद्यालय, कोटपूतली में महिला दिवस और वार्षिकोत्सव एवं पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन माननीय राज्य मंत्री गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग श्री जवाहर सिंह बेढम के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।
गृह राज्य मंत्री श्री बेढम ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि भारत के यशश्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला कल्याण की इस प्रतिबद्धता के अनुरूप लोकसभा में महिलाओं के समान प्रतिनिधित्व हेतु 33 प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान के साथ नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास कर उसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू की है। सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं और नीतियों के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक संबल सुनिश्चित किया जा रहा है।
गृह राज्य मंत्री श्री बेढम ने कहा की माननीय प्रधानमंत्री का मानना है विरासत और विकास दोनों महत्वपूर्ण है। हमारी विरासत और हमारी संस्कृति हमें महिला कल्याण का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि हाड़ी रानी ने साहस, पन्नाधाय ने हमें समर्पण और अमृता देवी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने 500 कालिका यूनिट गठित करने का प्रावधान किया है।
सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के कल्याण के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदा से ही सम्मान और पूज्य स्थान प्राप्त है। उन्होंने शास्त्रों का उल्लेख करते हुए कहा, "यत्र नार्यस्तु पूज्यते, रमंते तत्र देवता," जिसका अर्थ है—जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। यह विचार भारतीय सभ्यता की उस गहरी जड़ को दर्शाता है, जो नारी शक्ति को समाज की आधारशिला मानती है। उन्होंने कहा कि हमारी परंपराओं में महिलाओं को देवी स्वरूप मानकर उनकी विभिन्न रूपों में आराधना की जाती है। मां लक्ष्मी समृद्धि की अधिष्ठात्री हैं, मां सरस्वती ज्ञान और विद्या की प्रतीक हैं और मां दुर्गा शक्ति और पराक्रम का स्वरूप हैं। ठीक इसी प्रकार, समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है—चाहे वह परिवार हो, शिक्षा हो, राजनीति हो या राष्ट्र निर्माण। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक व्यक्ति को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे मां, बहन, बेटियों के उत्थान और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पाना देवी महाविद्यालय की स्थापना की कहानी और भामाशाहों व समाज सेवकों के योगदान के बारे में बताया। उन्होंने बालिकाओं को उद्बोधित करते हुए कहा कि सतत मेहनत से कामयाबी जरूर मिलती है। उन्होंने सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पारितोषिक वितरण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर के पूर्व सदस्य श्री ब्रह्म सिंह, जनप्रतिनिधि हीरालाल रावत, उपेन यादव, महाविद्यालय स्टॉफ व बालिकाएं उपस्थित रही।
Next Story