राजस्थान

जयपुर: हॉस्टल की छत से गिरकर छात्रा की हुई मौत

Admin Delhi 1
20 April 2022 7:23 PM IST
जयपुर: हॉस्टल की छत से गिरकर छात्रा की हुई मौत
x

सिटी न्यूज़: चौमूं थाना इलाके हाड़ौता गांव स्थित एमजेएफ आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की छत से गिरकर एक छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। थानाधिकारी हेमराज सिंह ने बताया मृतका लक्ष्मी रावत (22) पुत्री मान सिंह गांव रेवासा जिला सीकर की रहने वाली थी। वह एमजेएफ कॉलेज में बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (बीएएमएस) की सेकेण्ड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। मृतका के पिता की करीब चार माह पहले पहले मौत हो गई थी। इस वजह से तनाव में होने की बात सामने आई है, हालांकि वह छत से कैसे नीचे गिरी, इसकी जांच की जा रही है। मोबाइल में कॉल रिकॉर्ड भी चेक किया गया हैं। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। फिलहाल इस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार लक्ष्मी रावत हॉस्टल की पांचवी मंजिल पर रूम में रहती थी।

देर रात को वह छत पर टहलने गई थी। थोड़ी देर बाद धमाके जैसी आवाज के साथ वह नीचे गिर गई। आवाज सुनकर हॉस्टल की दूसरी छात्राएं दौड़कर अपने कमरों से बाहर आईं और वार्डन को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस से छात्रा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के जीजा यशपाल ने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Next Story