राजस्थान

Jaipur: खिलाड़ियों के पोषण पर फोकस, खेल अकादमियों में शुरू होगी नई व्यवस्था

Admindelhi1
24 Jun 2026 11:47 AM IST
Jaipur: खिलाड़ियों के पोषण पर फोकस, खेल अकादमियों में शुरू होगी नई व्यवस्था
x

जयपुर: युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की पहल पर राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा संचालित सभी खेल अकादमियों एवं क्रीड़ा संस्थानों में प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों के लिए पहली बार विशेष पौष्टिक आहार योजना लागू की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण के साथ उच्च गुणवत्ता वाला पोषण उपलब्ध कराकर उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाना है।

खेल मंत्री कर्नल राठौड़ ने कहा कि प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के लिए बेहतर प्रशिक्षण के साथ संतुलित और वैज्ञानिक पोषण की भी आवश्यकता है। इसी सोच के तहत यह नई पहल शुरू की गई है।

नई डाइट योजना के तहत खिलाड़ियों को प्रतिदिन उच्च प्रोटीन एवं ऊर्जा युक्त भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। आहार में बादाम, खजूर, उबले अंडे तथा मौसमी फलों के जूस शामिल रहेंगे। मुख्य भोजन में पनीर, चिकन, मटन, विभिन्न प्रकार की दालें, मल्टीग्रेन रोटियां और मौसमी सब्जियां परोसी जाएंगी। शाकाहारी और मांसाहारी खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग संतुलित मेन्यू तैयार किया गया है। इसके अलावा सुबह और शाम के अभ्यास सत्रों के दौरान खिलाड़ियों के शरीर में जल संतुलन बनाए रखने के लिए नींबू पानी की व्यवस्था भी की जाएगी। यह डाइट चार्ट खेल पोषण विशेषज्ञों के परामर्श से तैयार किया गया है।ए राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अनुसार योजना को तत्काल प्रभाव से सभी आवासीय खेल अकादमियों में लागू किया जा रहा है। परिषद का मानना है कि बेहतर पोषण से खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, रिकवरी और प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार होगा।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद प्रदेश के विभिन्न जिलों में अनेक खेल अकादमियों और खेल संस्थानों का संचालन कर रही है, जहां खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Next Story