राजस्थान

Jaipur: जयपुर में राजस्थान दिवस पर उत्सव का माहौल

Admindelhi1
17 March 2026 2:33 AM IST
Jaipur: जयपुर में राजस्थान दिवस पर उत्सव का माहौल
x

जयपुर: जयपुर में राजस्थान दिवस के अवसर पर राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से 17 से 19 मार्च तक विभिन्न सांस्कृतिक और पर्यटन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में प्रदेश की समृद्ध विरासत, लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।

पर्यटन विभाग की आयुक्त रुक्मणी रियाड़ ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन और पर्यटकों को राजस्थान की लोक संस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत 17 मार्च को बृज निधि मंदिर में प्रातः 7:30 बजे विशेष आरती से होगी, जिसका आयोजन पर्यटन विभाग और सियाही संस्था के सहयोग से किया जाएगा। उसी दिन शाम 7 बजे जवाहर कला केंद्र के मध्यवर्ती परिसर में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा द्वारा नाटक समुद्र मंथन का मंचन किया जाएगा, जिसका निर्देशन चितरंजन त्रिपाठी ने किया है।

पर्यटन विभाग और हंटर हाइकर्स के सहयोग से 17 और 18 मार्च को सुबह 6:45 बजे से “नेचर हाइक” का आयोजन भी किया जाएगा। 17 मार्च को यह हाइक गढ़ गणेश मंदिर से गैटोर की छतरियां तक लगभग 6 किलोमीटर की दूरी में आयोजित होगी, जबकि 18 मार्च को खेडी गेट से सागर लेक तक 6 किलोमीटर की हाइक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 18 मार्च को सुबह 7 बजे से जयपुर विरासत फाउंडेशन के सहयोग से हेरिटेज वॉक आयोजित की जाएगी। यह वॉक चतुर्भुज जी मंदिर, छोटी चौपड़ और जेम सिनेमा होते हुए एमआई रोड तक निकाली जाएगी।

पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ ने बताया कि राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार इस वर्ष राजस्थान दिवस चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को मनाया जाएगा। इस अवसर पर अल्बर्ट हॉल संग्रहालय परिसर में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में पद्मश्री से सम्मानित लोक कलाकार अनवर खां मांगणियार और तगाराम भील अपने दल के साथ प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां, कथक नृत्य और आकर्षक कोरियोग्राफी भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी। समारोह के दौरान विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी।

Next Story