राजस्थान

Jaipur: पारिवारिक पेंशनधारियों को भी मिलेगा फोटोयुक्त पहचान पत्र, निगम का निर्णय

Admindelhi1
30 May 2026 2:10 PM IST
Jaipur: पारिवारिक पेंशनधारियों को भी मिलेगा फोटोयुक्त पहचान पत्र, निगम का निर्णय
x
पेंशनधारियों के लिए पहचान व्यवस्था मजबूत, फोटोयुक्त आईडी कार्ड होगा जारी

जयपुर: राज्य सरकार द्वारा पेंशनधारियों के हितार्थ लिए जा रहे फैसलों के अनुसरण में राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम ने अपने पेंशनधारियों एवं पारिवारिक पेंशनधारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। निगम प्रशासन द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार अब उत्पादन निगम के पेंशनधारियों एवं पारिवारिक पेंशनधारियों को उनकी पहचान एवं आवश्यक कार्यों में सुविधा प्रदान करने के लिए विभाग द्वारा आधिकारिक फोटोयुक्त पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

उत्पादन निगम प्रशासन ने बताया कि लंबे समय से पेंशनधारियों एवं पारिवारिक पेंशनधारियों द्वारा फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी करने की मांग की जा रही थी। विभिन्न स्तरों पर प्राप्त सुझावों एवं मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस पहल का उद्देश्य पेंशनर्स को एक वैध एवं अधिकृत पहचान उपलब्ध कराना है, जिससे वे आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न कार्यालयों, संस्थानों, बैंक, विद्युत निगमों के रेस्ट हाऊस में विभागीय पहचान पत्र के तौर पर प्रस्तुत कर सुविधा ले सकें।

उक्त पहचान पत्र पेंशन या पारिवारिक पेंशन पीपीओ के आधार पर जारी किए जाएंगे। यह पहचान पत्र पेंशनर्स के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में कार्य करेगा तथा उन्हें विभिन्न प्रशासनिक एवं औपचारिक प्रक्रियाओं में सुविधा प्रदान करेगा।

फोटोयुक्त पहचान पत्र प्राप्त करने के इच्छुक सेवानिवृत्त पेंशनधारियों एवं पारिवारिक पेंशनधारियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र वरिष्ठ लेखाधिकारी (पेंशन), राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम, जयपुर को प्रस्तुत करना होगा।

उत्पादन निगम प्रशासन द्वारा सभी पात्र पेंशनधारियों एवं पारिवारिक पेंशनधारियों को सलाह दी गई है कि वे आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि उन्हें शीघ्र ही फोटोयुक्त पहचान पत्र उपलब्ध करवाए जा सकें। इस निर्णय का उत्पादन निगम के पेंशनधारियों ने स्वागत किया है इससे उन्हें पहचान संबंधी कार्यों में सुविधा एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सरलता रहेगी।

Next Story