Jaipur: फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का उद्घाटन कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय में

जयपुर: कानोड़िया पी.जी. महिला महाविद्यालय, जयपुर के टीचिंग-लर्निंग सेंटर द्वारा "इमेजिनिंग द फ्यूचर ऑफ क्लासरूम : मेथोडोलॉजी एंड पेडागोजी फॉर द 21st सेंचुरी टीचर्स" विषय पर 1 से 7 जुलाई तक सात दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को नवीनतम शिक्षण विधियों से परिचित कराना, भविष्य की कक्षा की रूपरेखा तैयार करना तथा पारंपरिक और डिजिटल शिक्षा में संतुलन स्थापित करना रहा।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन में बदलते शैक्षणिक परिवेश में शिक्षकों को नवाचार और तकनीकी कौशल से लैस होने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास में मील का पत्थर साबित हो सकते हैं।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता डॉ. पंकज मील, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष (टीपीओ एवं एलुमनाई रिलेशन्स), श्री बालाजी शिक्षा समिति, जयपुर ने "न्यू अप्रोचेस टू टीचिंग" विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने 21वीं सदी के शिक्षकों के लिए आवश्यक प्रमुख कौशल जैसे संचार, सहयोग, लेटरल थिंकिंग और डिजिटल साक्षरता की चर्चा करते हुए फ्लिप्ड क्लासरूम, ब्लेंडेड लर्निंग, अनुभवात्मक शिक्षण, गेमिफिकेशन और समस्या-आधारित शिक्षण जैसी आधुनिक विधियों को विस्तार से समझाया।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भूमिका, भारतीय ज्ञान प्रणाली, गुरुकुल परंपरा, रामायण और गीता के मूल्यों तथा समकालीन नवाचारों के साथ आधुनिक शिक्षण में तकनीकी एकीकरण की उपयोगिता को रेखांकित किया।
उद्घाटन सत्र को प्रतिभागियों ने ज्ञानवर्धक, प्रेरक और अत्यंत प्रासंगिक बताया। कार्यक्रम में 84 से अधिक व्याख्याताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. टीना सिंह भदौरिया ने किया और अंत में उन्होंने आभार प्रकट किया।





