राजस्थान

Jaipur: आमजन में जागरुकता एवं आपदा प्रबंधन के लिए प्रशिक्षण के हर संभव प्रयास हो सुनिश्चित

Tara Tandi
9 May 2025 6:59 PM IST
Jaipur: आमजन में जागरुकता एवं आपदा प्रबंधन के लिए प्रशिक्षण के हर संभव प्रयास हो सुनिश्चित
x
Jaipur जयपुर । जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने शुक्रवार को नागरिक सुरक्षा विभाग के चीफ वार्डन, डिप्टी चीफ वार्डन, डिविजनल वार्डन, डिप्टी डिवीजनल वार्डन की बैठक ली। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को वर्तमान हालातों के मद्देनजर आमजन में जागरुकता एवं आपदा प्रबंधन के लिए प्रशिक्षण के हर संभव प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने नागरिक सुरक्षा विभाग के पदाधिकारियों को सक्षम जयपुर अभियान के तहत जयपुर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों, संघ-संगठन के मुख्यालयों सहित अन्य स्थानों पर नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिये। उन्होंने आपातकाल के समय आपदा प्रबंधन एवं बचाव की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की मुहिम चलाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने क्षेत्र के भामाशाहों को प्रेरित कर जन सहयोग से अधिक से अधिक संख्या में सायरन स्थापित करने की भी अपील की।
बैठक में जिला कलक्टर ने नागरिक सुरक्षा के पदाधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा जनप्रतिनिधियों, संघों-संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्येक नागरिक को आपातकालीन सुरक्षा उपायों का बुनियादी प्रशिक्षण प्रदान करने एवं ब्लैक आउट जैसी स्थिति में ’क्या करें, क्या ना करें’ गाइडलाइन की जानकारी देने एवं गाइडलाइन की पालना के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर ने पदाधिकारियों को अपने डिवीजन में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को क्षेत्र के अस्पतालों, ब्लड बैंकों, रक्तदाताओं, सुरक्षित स्थानों सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की सूची बनाने एवं उनकी उपलब्धता बनाने रखने के निर्देश दिये। उन्होंने एयर स्ट्राइक जैसी आपदा के दौरान सायरन की आवाज के अधिक से अधिक नागरिकों को सतर्क करने के लिए मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों सहित अन्य सभी भवनों जहां ध्वनि प्रसारण यंत्रों की उपलब्धता हो वहां से सायरन की ध्वनि का प्रसारण करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री संतोष कुमार मीणा, नागरिक सुरक्षा विभाग के उप नियंत्रक श्री अमित शर्मा, नागरिक सुरक्षा विशेषज्ञ श्री फूलचंद चौधरी सहित चीफ वार्डन, डिप्टी चीफ वार्डन, डिविजनल वार्डन, डिप्टी डिवीजनल वार्डन मौजूद रहे।
---
Next Story