राजस्थान

Jaipur: बारिश और गर्मी का दोहरा असर, 36 जिलों में अलर्ट

Admindelhi1
14 Sept 2026 2:14 PM IST
Jaipur: बारिश और गर्मी का दोहरा असर, 36 जिलों में अलर्ट
x
राजस्थान में बारिश तेज होने के आसार, गर्मी भी बरकरार

जयपुर: राजस्थान में सोमवार को 36 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की दिशा दक्षिण की ओर खिसकने से रविवार को राज्य में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहीं। मौसम विभाग के अनुसार इस सिस्टम का प्रभाव 16 सितंबर तक रहने का अनुमान है।

रविवार को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहा तथा दिनभर धूप खिली रही। कोटा और उदयपुर संभाग में दोपहर बाद हल्के बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून ट्रफ वर्तमान में सामान्य स्थिति से कुछ दक्षिण दिशा में खिसक गई है। यह जैसलमेर और कोटा होते हुए कम दबाव के क्षेत्र से गुजरकर विदर्भ, राजनांदगांव और भवानीपटना होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसके प्रभाव से राज्य के दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और सलूम्बर जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हुई। जयपुर, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, भीलवाड़ा, कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान सर्वाधिक बारिश बांसवाड़ा के लोहारिया और डूंगरपुर के सागवाड़ा में 109-109 मिलीमीटर दर्ज की गई। झालावाड़ के पचपहाड़ में 33 मिलीमीटर तथा बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में 32 मिलीमीटर बारिश हुई।

इधर, पश्चिमी राजस्थान में सितंबर के दूसरे सप्ताह में भी गर्मी का असर बना हुआ है। रविवार को श्रीगंगानगर में सर्वाधिक 39.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बाड़मेर और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण इन क्षेत्रों में गर्मी और उमस महसूस की गई।

Next Story