राजस्थान

Jaipur : पंच गौरव कार्यक्रम की प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न

Tara Tandi
8 July 2025 7:38 PM IST
Jaipur : पंच गौरव कार्यक्रम की प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न
x
Jaipur जयपुर: जिले में “पंच गौरव कार्यक्रम“ के सुचारू क्रियान्वयन एवं प्रभावी संचालन हेतु सोमवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलेक्टर कक्ष में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में कार्यक्रम से जुड़े खेल, उद्योग, उद्यान, वन एवं पर्यटन पांचों विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर ने गत बैठक में दिए गए निर्देशों की समीक्षा कर विभागवार कार्ययोजना तैयार करने हेतु निर्देश प्रदान किए। उद्यान विभाग को वर्ष 2025-26 में अमरूद की बागवानी का क्षेत्रफल बढ़ाने, दो दिवसीय सेमिनार आयोजित करने तथा अमरूद के लिए “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस“ हेतु प्रस्ताव राष्ट्रीय कृषि विकास योजना में सम्मिलित करने हेतु राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही अमरूद को क्लस्टर विकास योजना में शामिल कर प्रस्ताव एक माह में केंद्र सरकार को भेजने, अमरूद प्रसंस्करण एग्रो यूनिट की स्थापना हेतु प्रस्ताव तैयार करने और किसानों को पैकेजिंग प्रशिक्षण देने की कार्ययोजना भी बनाई गई।
उन्होंने जिले में फुटबॉल खेल को प्रोत्साहन देने के लिए समय-समय पर फुटबॉल मैचों का आयोजन कराने के निर्देश जिला खेल अधिकारी अब्दुल वहीद को प्रदान किए। वहीं चयनित ग्राम पंचायतों में संसाधन अंतर की पहचान करने तथा जिला फुटबॉल फेडरेशन के सहयोग से व्यापक स्तर पर फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही खिलाड़ियों के लिए किट व प्रशिक्षक की व्यवस्था करने की बात कहीं।
उद्योग विभाग को “एक जिला-एक उत्पाद“ योजना के अंतर्गत मार्बल मूर्तिकला को बढ़ावा देने के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन कर राज्य स्तर पर प्रस्ताव भिजवाने, क्लस्टर डेवलेपमेंट योजना की डीपीआर तैयार कर भेजने एवं मूर्तिकारों की समस्याओं के समाधान हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश प्रदान किए।
वन विभाग को आगामी मानसून सत्र में नीम के पौधों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पर्यटन विभाग को जिले में पर्यटकों के लिए समुचित व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए।
इस दौरान जिला कलक्टर ने सभी विभागों को पंच गौरव कार्यक्रम की सफलता हेतु समन्वित प्रयास सुनिश्चित करने और एक व्यापक कार्ययोजना तैयार कर त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की उप निदेशक डॉ. डिम्पल गुर्जर, महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र सुग्रीव मीना, उप निदेशक उद्यान डॉ. हेमराज मीना एवं जिला खेल अधिकारी अब्दुल वहीद आदि उपस्थित रहे।
Next Story