राजस्थान

Jaipur: जिला विधिक चेतना समिति की बैठक आयोजित शहर की साफ-सफाई व्यवस्था में हो सुधार

Tara Tandi
19 March 2025 3:52 PM IST
Jaipur: जिला विधिक चेतना समिति की बैठक आयोजित शहर की साफ-सफाई व्यवस्था में हो सुधार
x
Jaipur जयपुर: राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव समीक्षा गौतम की अध्यक्षता में बुधवार को जिला विधिक चेतना समिति की बैठक एडीआर सेन्टर, जिला न्यायालय परिसर में आयोजित हुई।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने जिला विधिक चेतना समिति के सदस्यों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्याे के बारे में चर्चा कर समिति के सदस्यों को उनके कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि समिति के सदस्यों का दायित्व न केवल वृद्धाश्रमों, बालगृहों, विशेष गृहों आदि का विजिट करना है, अपितु महिलाओं, बालकों, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों की हर प्रकार की सहायता करना, राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना तथा नालसा-रालसा योजनाओं सहित अन्य सरकारी योजनाओं के संबंध में आमजन में जागरूकता फैलाना भी है।
इस दौरान सचिव समीक्षा गौतम ने उपस्थित सदस्यों को समाज के कमजोर वर्गों को निशुल्क विधिक सहायता, संविधान और सामाजिक कल्याण कानूनो एवं अधिनियमों, उनके अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान करने हेतु स्वयंसेवी संस्थाओं एवं विभागों के सहयोग से ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर पर जागरूकता शिविरों एवं कार्यशालाओं का आयोजन करने के लिए दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने नगर परिषद आयुक्त नरसी मीणा से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेकर शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सभी वार्डाे में कचरा संग्रहण वाहनों द्वारा नियमित रूप से डोर टू डोर कचरा संग्रहण करवाकर शहर की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने खाली भूखण्डों में कचरा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश नगर परिषद आयुक्त को दिए है। साथ ही उन्होंने आमजन को जागरूक करने हेतु आयुक्त नगर परिषद को नोटिस छपवाकर वितरित करवाने के निर्देश दिये कि आमजन ओटो टीपरो एवं कचरा पात्रों में ही कचरा डाले, अपने आस पास के खाली भूखण्डों में कचरा नहीं डाले।
उन्होंने कहा कि जिला विधिक चेतना समिति के सदस्यों द्वारा नगर परिषद के साथ समन्वय स्थापित कर सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। जिसके तहत जिले के समस्त वार्डों के निवासी अपने-अपने वार्ड एवं क्षेत्र में फैली गंदगी की जानकारी फोटो, वीडियो एवं लोकेशन सहित जिला विधिक चेतना समिति के सदस्य बनवारी लाल मीना के मोबाईल नंबर 9928052412 पर जरिये व्हाट्सएप शेयर कर सकते है, साथ ही कोई समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के हेल्पलाईन नंबर 8306002136 पर जरिये व्हाट्सएप सम्पर्क किया जा सकता है। प्राप्त शिकायतों के संबंध में मौके पर जाकर नगर परिषद द्वारा सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बालगृह में बालकों को मिल रही सुविधाओं में आवश्यक सुधार हेतु सहायक निदेशक बाल अधिकारिता विभाग विमलेश कुमार एवं वृद्धाश्रम में वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिये उप निदेशक समाज कल्याण विभाग मीना आर्य को निर्देश प्रदान किये।
बैठक में सहायक जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र कुमार मीणा, अधिकार मित्र सुनिता जोनवाल, पैनल अधिवक्ता नन्दकिशोर बैरवा, अधिवक्ता हरिसिंह मीणा, सामाजिक कार्यकर्ता केपी सिंह एवं बनवारी लाल मीणा उपस्थित रहे।
Next Story