राजस्थान

Jaipur : शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा, मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Tara Tandi
31 Aug 2025 12:27 PM IST
Jaipur : शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा, मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
x
Jaipur जयपुर । शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर शनिवार को भीलवाड़ा जिले के दौरे पर रहे । श्री दिलावर आरसीएम वर्ल्ड में आयोजित सुविचार अभियान के उद्घाटन सत्र में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान श्री दिलावर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ग्राम प्रधान व्यवस्था है और गांव हमारे आदर्श समाज की एक इकाई है। उन्होंने कहा कि औद्योगिकीकरण के कारण गांव की व्यवस्था कमजोर हो रही है। हमें प्रकृति और विज्ञान के बीच संतुलन बनाना होगा। उन्होंने भारत की विविधतापूर्ण जलवायु के संरक्षण पर बल दिया।
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि हमें पर्यावरण को बचाने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने की आवश्यकता है।
जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने समारोह में जल, जंगल और ज़मीन के पर्यावरण-अनुकूल उपयोग के बारे में अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही, उन्होंने जिले में मनरेगा एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्याे के बारे में भी चर्चा की।
शिक्षा मंत्री ने जिले में पदस्थापित शिक्षा अधिकारियों से किया संवाद
सुविचार अभियान संगोष्ठी के पश्चात श्री दिलावर ने जिले में शिक्षा विभाग द्वारा नगर निगम सभागार में आयोजित शिक्षा अधिकारियों के संवाद कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षकगण को देश को श्रेष्ठ नागरिक देने का स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य का निर्माण शिक्षकों के हाथ में है, वे अपनी जिम्मेदारी को सजगता से निभाए। साथ ही, उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी एवं शिक्षक अपने कर्तव्यों का अनुशासन से पालन करे, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उद्बोधन के पश्चात श्री दिलावर ने जिले में कार्यरत प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों के साथ विभिन्न नवाचारो के बिंदुओं पर उनके विचार आमंत्रित करते हुए संवाद किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती अरुणा गारू ने शिक्षा के क्षेत्र में जिले की उपलब्धियों के बारे में अवगत कराया साथ ही शिक्षा विभाग की अधिकारी डॉ. कल्पना अग्रवाल ने पीपीटी के माध्यम से शिक्षा विभाग के नवाचारो से आए गुणवत्तापूर्ण परिणामों पर चर्चा की।
Next Story