राजस्थान

Jaipur: सड़क सुरक्षा के लिए डिप्टी CM का मास्टर प्लान तैयार

Admindelhi1
4 April 2025 11:33 AM IST
Jaipur: सड़क सुरक्षा के लिए डिप्टी CM का मास्टर प्लान तैयार
x
"अब राजस्थान में कम होंगे एक्सीडेंट"

जयपुर: सरकार राजस्थान में सड़क ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से काम कर रही है। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बताया कि केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा प्रदेश में 5000 करोड़ रुपए की लागत से 21 नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इन परियोजनाओं के तहत नागौर-नेत्रा रोड, रायपुर-जस्सा खेड़ा रोड, गंगापुर सिटी और करौली बाईपास का चौड़ीकरण समेत कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण किया जाएगा. इसके अतिरिक्त, 13 ब्लैक स्पॉट्स को सुधारने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

यह राजस्थान सरकार का ऐतिहासिक बजट है: उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इस वर्ष सड़क विकास के लिए 17,384 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जो अब तक का सबसे बड़ा बजट है। राज्य योजना के अंतर्गत, राज्य के हर कोने तक बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण सड़कों, प्रमुख जिला सड़कों (एमडीआर) और राज्य राजमार्गों का विस्तार किया जाएगा।

राजस्थान ने सड़क निर्माण में नया कीर्तिमान स्थापित किया: राज्य सरकार ने पिछले वित्तीय वर्ष में 12,620 करोड़ रुपये की लागत से सड़कें, पुल और ओवरब्रिज (आरओबी/आरयूबी) का निर्माण कराया, जो अब तक का सबसे अधिक बजट व्यय है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की डबल इंजन सरकार लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है ताकि प्रदेश में यातायात सुविधाजनक और सुरक्षित बन सके।

सीआरआईएफ के अंतर्गत रिकॉर्ड: केन्द्रीय सड़क अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) से 1,300 करोड़ रुपये की लागत से राजस्थान में सड़क निर्माण कार्य पूरे किये गये हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के सक्रिय पर्यवेक्षण एवं प्रयासों से यह संभव हो पाया है।

राजस्थान में बुनियादी ढांचे में एक नया अध्याय: राजस्थान सरकार की ये योजनाएं राज्य में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, पर्यटन उद्योग को मजबूत करने और आम लोगों के लिए सुविधाएं बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। इन नई सड़क निर्माण परियोजनाओं से राज्य में परिवहन तेज और आसान हो जाएगा, जिससे नागरिकों को काफी लाभ होगा।

Next Story