राजस्थान

Jaipur: रिश्वतखोरी पर शिकंजा, 10 हजार लेते पटवारी रंगे हाथ पकड़ा गया

Admindelhi1
22 Aug 2026 12:57 PM IST
Jaipur: रिश्वतखोरी पर शिकंजा, 10 हजार लेते पटवारी रंगे हाथ पकड़ा गया
x
10 हजार की रिश्वत ने खोली पटवारी की पोल, रंगे हाथ गिरफ्तार

जयपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की पाली द्वितीय इकाई ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए लाणेरा पटवार हल्का के पटवारी एवं खोडिया पटवार हल्का के अतिरिक्त प्रभार मनीष कुमार मीना को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी सोजत तहसील क्षेत्र में तैनात था।

एसीबी पाली द्वितीय के प्रभारी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देरावर सिंह के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि ग्राम रायरा स्थित उसकी खरीदी हुई कृषि भूमि के बंटवारे एवं तरमीम के लिए पटवारी ने 20 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने पहले 17 हजार और बाद में 15 हजार रुपए में काम करने पर सहमति जताई। इस पर ट्रेप अधिकारी मोहम्मद हनीफ के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार को ट्रेप कार्रवाई की। आरोपी ने परिवादी से 10 हजार रुपए लेकर अपनी पेंट की जेब में रख लिए।

इसी दौरान एसीबी टीम को पास आता देख आरोपी पटवार घर के समीप जंगल की झाड़ियों की ओर भाग गया। भागते समय उसने रिश्वत की रकम झाड़ियों में फेंक दी। एसीबी टीम ने तलाश कर 2 हजार रुपए के नम्बरी नोट बरामद कर लिए। शेष 8 हजार रुपए की तलाश और बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

Next Story