राजस्थान

Jaipur: सीकर-टोंक में चलीं ठंडी हवाएं, सर्दी ने बढ़ाई रफ्तार

Admindelhi1
10 Nov 2025 5:13 PM IST
Jaipur: सीकर-टोंक में चलीं ठंडी हवाएं, सर्दी ने बढ़ाई रफ्तार
x

जयपुर: उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर अब राजस्थान में भी साफ नजर आने लगा है। राज्य में सर्दी ने तय समय से पहले दस्तक दे दी है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा जा रहा है। रविवार को सीकर और टोंक में सर्द हवाएं चली, जिससे सुबह और रात के समय तेज सर्दी का अहसास हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले चार से पांच दिन तक सर्दी का असर स्थिर रहेगा। तापमान में किसी खास उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है। सोमवार को दिन के समय आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी, जबकि सुबह-शाम ठंडी हवाएं चलेंगी। पिछले 24 घंटे में प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। सोमवार सुबह से ही धूप खिली रही और देर शाम तक आसमान साफ बना रहा। चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर, चूरू, नागौर, जालोर, फतेहपुर और टोंक में रविवार को अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया।

बाड़मेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में 29, कोटा में 29.1, उदयपुर में 28.8, अजमेर और दौसा में 29.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

रात के समय ठंडी हवा के चलते तापमान में गिरावट देखी गई। बाड़मेर और कोटा को छोड़कर सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।

फतेहपुर में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सीकर में 7.5 और टोंक के वनस्थली में 9.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसके अलावा अलवर में 9, चूरू में 9.7, नागौर में 8, सिरोही में 8.8, करौली में 9.5, दौसा में 8.6, झुंझुनूं में 10.5, बारां में 10.3 और अजमेर में 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तरी हरियाणा, हिमाचल और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है, लेकिन इसका प्रभाव बहुत कमजोर है। इस कारण उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं की गति कुछ धीमी हुई है।

इसी वजह से अगले एक सप्ताह तक राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

Next Story